Bilkul Sateek News
नूंह, 21 जनवरी। अपराध शाखा नूंह की टीम ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। टीम ने पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश वसीम उर्फ छोटू पुत्र कमाल निवासी गांव टाई थाना सदर नूंह को अवैध देसी हथियार और एक कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बुधवार को नूंह-पलवल रोड, बस अड्डा सलंबा के पास बरसाती नाला पुल घासेड़ा क्षेत्र में की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने पर उप-निरीक्षक प्रदीप कुमार प्रभारी अपराध शाखा नूंह के नेतृत्व में गठित टीम मौके पर पहुंची। जहां आरोपी अवैध हथियार लेकर किसी वारदात की फिराक था। पुलिस गाड़ी देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके लोअर की दाहिनी जेब से एक देशी कट्टा बरामद हुआ, जिसके चैंबर में एक कारतूस मिला। बरामद हथियार के संदर्भ में वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इस मामले में नूंह सदर थाना में संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी पर आईजी साउथ रेंज रेवाड़ी द्वारा गत एक जनवरी को एक पत्र के माध्यम से 5000 का इनाम घोषित किया गया था। यह इनाम वर्ष 2020 के पलवल जिले के मुड़कुटी थाने में दर्ज एफआईआर से जुड़ा है। इसके अलावा आरोपी पर कई अन्य गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें मुख्य रूप से चोरी और घरेलू लूट शामिल हैं। इनमें राजस्थान के राजगढ़ (अलवर), चिड़ावा (झुंझुनू), सूरजगढ़ (झुंझुनू) और हरियाणा के तौरू शहर थाने में दर्ज एफआईआर शामिल हैं। जिसकी सूचना संबंधित थाना पुलिस को भी दी गई है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया जाएगा।



