file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 23 जनवरी। गुरुग्राम पुलिस ने शराब के नशे में संतुलन बिगड़ने पर पति को गिरने से बचाने के दौरान चाकू लगने से हुई मृत्यु के मामले में गैर इरादतन हत्या के मामले में मृतक की पत्नी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18.01.2026 को पुलिस थाना खेड़की दौला को आरवी अस्पताल से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम आरवी अस्पताल पहुंची, जहां मृतक का डेड रुक्का प्राप्त किया गया। मृतक की पहचान सुनील निवासी गांव नखडोला, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई। मृतक के बेटे के ब्यान पर पुलिस द्वारा धारा 174 बीएनएसएस के तहत आवश्यक व नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।
इसके बाद 19.01.2026 को पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से ज्ञात हुआ कि सुनील की मृत्यु छाती में किसी तेजधार हथियार से लगी चोट के कारण हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सुनील के चाचा द्वारा पुलिस थाना खेड़की दौला में एक लिखित शिकायत दी गई। शिकायत में बताया गया कि प्रारंभ में उन्हें यह सूचना मिली थी कि सुनील की मृत्यु हार्ट अटैक से हुई है तथा 19.01.2026 को अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। बाद में उन्हें जानकारी प्राप्त हुई कि 18.01.2026 को सुनील शराब के नशे में घर आया था। जब वह बाथरूम में पेशाब करने गया तो उसका संतुलन बिगड़ गया। उसी समय उसकी पत्नी ममता घर के हॉल में सब्जी काट रही थी। पति को गिरता हुआ देखकर पत्नी उसे बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन जल्दीबाजी में उसके हाथ में पकड़े सब्जी काटने के चाकू से सुनील की छाती में चोट लग गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। प्राप्त शिकायत पर पुलिस ने गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान पुलिस थाना खेड़की दौला द्वारा 21.01.2026 को गांव नखडोला से मृतक की आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया गया। जिसकी पहचान ममता (उम्र-43 वर्ष) निवासी गांव नखडोला जिला गुरुग्राम (हरियाणा) के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी महिला ने बताया कि मृतक सुनील उसका पति था और घटना के दिन वह शराब के नशे में अत्यधिक धुत होकर घर आया था। जब वह बाथरूम की ओर जा रहा था, तो उसका संतुलन बिगड़ गया। उसी समय यह हॉल में बैठकर सब्जी काट रही थी। पति को गिरते हुए देखकर यह उसे संभालने के लिए दौड़ी, लेकिन दुर्भाग्यवश इसके हाथ में पकड़े चाकू से उसके पति की छाती में चोट लग गई, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। यह घटना अनजाने और बिना किसी आपराधिक इरादे के घटित हुई।



