Bilkul Sateek News
नूंह, 2 फरवरी। जिले में थाना पिनगवां के अंतर्गत् दर्ज ज्वेलर्स चोरी मामले में नूंह पुलिस ने शानदार सफलता हासिल की है। 27 दिसंबर की देररात रात को पिनगवां कस्बे में हुई चोरी की इस वारदात में पुलिस ने अब तक तीन मुख्य आरोपियों को विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किया है। जबकि जांच के दौरान कुल 20 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण और ईंट अवैध हथियार तथा नकदी बरामद की गई है। पुलिस आगामी जांच में जुटी हुई है।
सहायक पुलिस अधीक्षक नूंह आयुष यादव ने आज संवाददाता सम्मेलन में बताया कि बीते साल 27/28 दिसंबर की रात बदमाशों ने दुकान का शटर तोड़कर करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण चोरी कर लिए थे। पुलिस अधीक्षक नूंह के निर्देश पर गठित 6 विशेष टीमों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान और तमिलनाडु में समन्वय के साथ छापेमारी की। इसके बाद सबसे पहले गुरुग्राम व नूंह पुलिस के साथ मुठभेड़ में मुख्य आरोपी यादराम निवासी बदायूं उत्तर प्रदेश हाल निवासी जयपुर को गुरुग्राम से काबू किया। जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर उसके मकान से 1.650 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए, फिर 23 जनवरी को बदमाशों को हथियार उपलब्ध कराने वाले अर्जुन निवासी बदायूं हाल निवासी जयपुर को गिरफ्तार किया गया। इसी कड़ी में आगे बढ़ते हुए 25 जनवरी को नूंह सीआईए पुलिस की एक टीम ने आर्य सिंह उर्फ भारत निवासी बदायूं हाल निवासी जयपुर/अजमेर तमिलनाडु के सेलम से गिरफ्तार किया। इन सभी से अलग-अलग रिमांड अवधि के दौरान कड़ी पूछताछ की गई थीं। सबसे पहले 23 जनवरी को यादराम के मकान से 1.650 किलोग्राम चांदी आभूषण बरामद किए गए। उसके बाद 28 जनवरी को आर्य सिंह से काशगंज यूपी से 5.691 किलोग्राम चांदी की ईंट बरामद हुई। तत्पश्चात 29 जनवरी को आर्य सिंह की पत्नी प्रीति की दुकान गहना ज्वेलर्स जयपुर से 12.910 किलोग्राम चांदी के आभूषण सहित 794.78 ग्राम और चांदी कुल लगभग 20.045 किलोग्राम चांदी की सामग्री मिली। एक फरवरी को आर्य सिंह के गांव धनुपुरा स्थित मकान से एक अवैध देशी कट्टा, एक कारतूस और 5 लाख रुपये नकद मिले।
पुलिस ने बताया कि यह सफलता टीमवर्क, अंतर्राज्यीय समन्वय और लगातार जांच का नतीजा है। मुख्य आरोपी यादराम पर 1 लाख रुपये का इनाम था। मुकदमे में जांच जारी है और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश की जा रही है। जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।




