
file photo source: social media
अशोक विहार फेस-3 में खाली मकान पर फायरिंग का मामला
गोली चलाने वाले 2 शूटरों समेत अब तक 10 आरोपी गिरफ्तार
1 कार (स्विफ्ट डिजायर) और 2 बाइक बरामद
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 12 मार्च। गुरुग्राम पुलिस ने फिरौती के लिए खाली मकान पर गोली चलाने के मामले में एक और आरोपी को आज गिरफ्तार किया है। पुलिस अब तक इस मामले में दो शूटरों समेत 10 अपराधियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 14 जनवरी को सुबह लगभग 5.30 बजे अशोक विहार फेस-3 में एक मकान पर फायरिंग करने की सूचना पाकर पुलिस थाना पालम विहार की टीम घटनास्थल पर पहुंची थी, जहां पर एक खाली मकान पर फायरिंग किया जाना पाया गया।
पुलिस ने थाना पालम विहार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में ज्ञात हुआ कि 2 आरोपी बाइक पर आए थे, जो मकान पर ताबड़तोड़ फायरिंग करके चले गए। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के निर्देशानुसार इस मामले में विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं। अपराध शाखा मानेसर के इंचार्ज उप-निरीक्षक ललित कुमार की टीम ने इस मामले में प्रभावी कार्यवाही करते हुए अब तक कुल 10 आरोपियों 1. फहीम उर्फ लंगड़ा, 2. सुनील, 3. ललित यादव, 4. आशीष कुमार चौधरी उर्फ सिंटू (मेरठ), 5. अमन भाटी (शूटर), 6. अमित भाटी (शूटर), 7. मोहित वत्स (रैकी व शूटरों को बाइक उपलब्ध कराने वाला) 8. अंकित सांगवान (वारदात के बाद शूटरों को गाड़ी में लेके गया था व नई वारदातों के लिए रैकी कराई थी), 9. कुलवंत सिंह (आरोपियों को पनाह देने वाला) और 10 टेकचंद को क्रमशः 4.02.2025, 7.02.2025, 7.02.2025, 10.02.2025, 24.02.2025, 24.02.2025, 16.02.2025, 17.02.2025, 18.02.2025 और 12.03.2025 को गिरफ्तार किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भय पैदा करते हुए फिरौती मांगने के लिए इस वारदात को अंजाम दिया गया था। अमन भाटी व अमित भाटी ने अपने सरगना के कहने पर मकान पर फायरिंग की थी। वारदात को अंजाम देने के लिए मोहित ने रैकी की थी और शूटरों को बाइक उपलब्ध कराई थी, जिनमें 1 बाइक दिल्ली से चोरी की गई थी। वारदात को अंजाम देने के बाद शूटरों को अंकित सांगवान अपनी गाड़ी में लेकर गया था तथा नई वारदातों को अंजाम देने के लिए रैकी करने में शामिल रहा है। आरोपी कुलवंत अन्य आरोपियों के रुकने का प्रबंध किया था।
पुलिस इनके पास से 1 गाड़ी (स्विफ्ट डिजायर) और 2 बाइक (जिनमें 1 बाइक दिल्ली से चोरी की हुई थी और 1 बाइक आरोपी मोहित लेकर आया था) बरामद कर चुकी है।
पुलिस टीम द्वारा उपरोक्त अभियोग की वारदात से सम्बंधित सभी आरोपियों के बारे में पुलिस टीमों द्वारा एकत्रित की गई जानकारी/सूचनाओं का अवलोकन प्रत्येक पहलुओं को मद्देनजर रखकर किया जा रहा है। जांच में जो भी तथ्य सामने आ रहे हैं उनके अनुसार पुलिस द्वारा आगामी कार्यवाही की जा रही है। मामले की जांच जारी है।