
भैंस बांधने को लेकर 24 फरवरी को हुआ था झगड़ा
चले थे ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे
पेट में लात लगने से हुआ था महिला का गर्भपात
एक लड़की के हाथ में भी लगा चाकू
आगे कार्रवाई करने के लिए पुलिस को महिला की अस्पताल से छुट्टी का इंतजार
BIlkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 8 मार्च। फरीदाबाद के लतियापुर गांव में 24 फरवरी को भैंस बांधने के विवाद में एक घर पर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडों से हमला किया गया था। इस झगड़े में 3 माह की गर्भवती का पेट में लात लगने से गर्भपात हो गया था। वहीं, एक लड़की के हाथ में चाकू लगा था। इस मामले में पीड़ित पक्ष पुलिस पर कोई कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा रहा है।
परिवार के लोगों ने आरोप लगाया है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद भी अभी तक पुलिस की तरफ से कार्रवाई नहीं की गई है और आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमारा आरोपी पक्ष के साथ कोई लड़ाई झगड़ा नहीं हुआ था। झगड़ा किसी और का था, परंतु आरोपी पक्ष ने पुरानी रंजिश साधते हुए हमारे घर पर हमला किया और महिलाओं को घायल कर दिया।
इस बीच, सेक्टर 58 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि उनके पास शिकायत आई थी कि दो पक्षों के बीच में झगड़ा हो गया है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों के बीच विवाद खत्म करवा दिया। हालांकि अभी एक पक्ष की तरफ से शिकायत दी गई है। महिला अभी अस्पताल में है, जैसे ही वह अस्पताल से बाहर आएगी उसके बाद दस्तावेजों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों को छोड़ा नहीं जाएगा।
मालूम हो कि भैंस बांधने को लेकर दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हो गया था और झगड़ा इतना बढ़ गया था कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घर पर ईंट-पत्थर व लाठी-डंडों के साथ हमला कर दिया। इस हमले में एक लड़की और एक गर्भवती महिला घायल हो गई। महिला 3 माह के गर्भ से थी। पेट में लात लगने की वजह से गर्भपात हो गया था। वही, लड़की हाथ में चाकू लगने से घायल हो गई थी।