हयातपुर शराब ठेकेदार हत्याकांड
पुलिस ने गिरफ्तार किया था शूटर टेकचंद को
गुरुग्राम पुलिस करनाल लेकर गई थी शूटर को
हत्याकांड में प्रयुक्त मोबाइल की बरामदगी के लिए लेकर गई थी पुलिस
1 पिस्तौल और 5 खाली खोल कारतूस बरामद
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 22 मार्च। मानेसर के बहुचर्चित हयातपुर शराब ठेकेदार हत्याकांड में गिरफ्तार शूटर ने करनाल में गुरुग्राम पुलिस के एएसआई पर गोली चला दी। गोली एएसआई को छूकर निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शूटर टेकचंद पैर में गोली लगने से घायल हो गया। करनाल में शूटर टेकचंद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 18 मार्च को हुई हयातपुर में शराब ठेकेदार की हत्या में शूटर टेकचंद को गिरफ्तार किया गया था। गुरुग्राम पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया था। अदालत ने टेकचंद को 7 दिन की पुलिस हिरासत रिमांड पर भेज दिया था।
पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान टेकचंद ने वारदात के दौरान प्रयोग किया गया मोबाइल करनाल में छुपाकर रखने के बारे में बताया था।
जिसके बाद गुरुग्राम पुलिस 21 मार्च की रात लगभग 10.30 बजे टेकचंद को लेकर करनाल में छुपाए गए मोबाइल को बरामद करने पहुंची। पुलिस बताए गए स्थान (थाना मधुबन, करनाल के क्षेत्र में) में पहुंची। पुलिस टेकचंद को मोबाइल निकालने के लिए कहा तो उसने मोबाइल के स्थान पर एक पिस्तौल निकाली और पुलिस पर फायर कर दिया। जिससे एक गोली एएसआई हरीश को छूकर निकल गई। शूटर टेकचंद ने फायर करते हुए भागने की कोशिश तो पुलिस की जवाबी फायरिंग 1 गोली टेकचंद के घुटने में लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। मुठभेड़ में शूटर टेकचंद ने 3 और पुलिस ने 2 फायर किए।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टेकचंद की साजिश का विफल कर दिया। जिसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने टेकचंद के खिलाफ थाना मधुबन में मामला दर्ज करवाया।
पुलिस ने मौके से 1 पिस्तौल (आरोपी द्वारा छुपाई गई थी, जिसमें 3 कारतूस थे) और 5 खाली खोल कारतूस (3 आरोपी द्वारा व 2 पुलिस टीम द्वारा फायर किए गए) बरामद किए हैं। पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई 1 बाइक भी आरोपी की निशानदेही पर बरामद की गई। शूटर टेकचंद कल्पना चावला हॉस्पिटल करनाल में उपचाराधीन है, जिसे डिस्चार्ज होने के बाद फिर से पुलिस हिरासत में लिया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस पूछताछ में पता चला था कि शराब ठेकेदार हत्याकांड में टेकचंद ने गोली मारी थी और आरोपी मोहित ने टेकचंद व मामले के अन्य आरोपियों को आर्थिक रूप से मदद की थी।




