झज्जर (विनीत नरूला), 22 मार्च। करीब 6 साल पूर्व यहां झज्जर के विशाल मेगामार्ट के मालिक की हत्या को अंजाम देने वाले आरोपी को झज्जर पुलिस ने धरदबोचा है। आरोपी पर पांच हजार का ईाम पुलिस ने घोषित किया था और वह हत्या को अंजाम देने के बाद से ही फरार चल रहा था। आरोपी पर आधा दर्जन से ज्यादा अपराधिक मामले दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद झज्जर अदालत में पेश किया गया जहां से न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
बता दें कि साल 2019 में झज्जर के भगत सिंह चौक पर विशाल मेगामार्ट चलाने वाले अशोक की मार्ट में ही गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। उस दौरान तीन युवकों पर आरोप लगाया गया था। इस मामले में पुलिस को दी गई शिकायत में अशोक के भांजे ने बताया था कि मैंने व मेरे मामा ने भगत सिंह चौक झज्जर पर विशाल मेगामार्ट के नाम से शोरूम कर रखा है। 17 मई 2019 को शाम के समय मेरे मामा अशोक शोरूम के मैन गेट के पास मौजूद थे। इतनी ही देर में तीन नौजवान आए और आते ही बारी-बारी करके अपने हथियार से मेरे मामा पर गोलियां चला दी। फायरिंग करने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए। मामा को तुरंत अस्पताल में लेकर गए तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ थाना शहर झज्जर में आपराधिक मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने अब अनिल निवासी अच्छेज पहाड़ीपुर जिला झज्जर को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। आरोपी पर पुलिस रोहतक रेंज के आईजी द्वारा साल 2023 में पांच हजार का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी काफी समय से फरार चल रहा था।




