
Image source : social media
Bilkul Sateek News
जींद, 25 अप्रैल। जींद में पड़ोसी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक 35 वर्षीय महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। फिर उसकी 5 साल की मासूम बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। बच्ची के शव को श्मशान घाट में दफना दिया गया। प्रशासन को पूरे मामले की सूचना मिलते ही ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में श्मशान से शव को बाहर निकाला गया। शहर थाना पुलिस ने इस जघन्य अपराध में चार आरोपियों के खिलाफ हत्या, सामूहिक दुष्कर्म और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उसका परिवार कूड़ा बीनने का काम करता है। मंगलवार रात को उसके पति का पड़ोस में रहने वाले आरोपी से झगड़ा हो गया। झगड़े में उसके पति को चोटें आईं, लेकिन पुलिस में शिकायत के बाद समझौता हो गया। रात में महिला का पति बाहर चला गया और वह अपने तीन बच्चों के साथ झोपड़ी में सो रही थी। तभी आरोपी अपने तीन साथियों के साथ आया। उन्होंने महिला को बेहोश कर दिया और उसे तथा उसकी 5 साल की बेटी को उठाकर कूड़े के ढेर के पास ले गए। वहां बच्ची की गला दबाकर हत्या कर दी गई। उसके बाद चारों आरोपियों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
महिला पूरी रात बेहोशी की हालत में कूड़े के ढेर पर पड़ी रही। सुबह किसी ने उसे देखा और झोपड़ी में छोड़ गया। इस बीच बच्ची के शव को बिना किसी औपचारिकता के श्मशान घाट में दफना दिया गया। बृहस्पतिवार को महिला को होश आया, तो उसने अपने पति को सारी बात बताई। इसके बाद पुलिस को शिकायत दी गई। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में श्मशान घाट से बच्ची का शव निकलवाया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।