फरीदाबाद (अजय वर्मा), 5 सितंबर। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो फरीदाबाद ने शुक्रवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टर-12 के कनिष्ठ अभियंता (जे.ई.) नरेश कुमार को ₹1.50 लाख नकद रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसने अन्य फर्म मालिकों के साथ मिलकर फरीदाबाद में 6 शराब के ठेके लिए हैं। इनमें से तीन दुकानें एचएसवीपी सेक्टर-12 से और अन्य तीन प्राइवेट व्यक्तियों से किराए पर ली गई थीं। इन दुकानों में से शाहपुर जाट चौक और मलेरना गांव की दुकानों को हटाने के लिए एचएसवीपी द्वारा नोटिस जारी किए गए थे।
शिकायतकर्ता का कहना है कि इस मामले में जे.ई. नरेश कुमार से बातचीत के दौरान उसने दुकानों को न तोड़ने की एवज में प्रति दुकान ₹3-3 लाख, कुल ₹6 लाख नकद रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता द्वारा रकम नहीं देने पर 19 अगस्त को नरेश कुमार ने उसकी दो दुकानें तोड़ दीं।
इसके बाद भी नरेश कुमार शिकायतकर्ता के शराब ठेकों पर जाता रहा और अशोका इंकलेव तथा ऊंचा गांव स्थित दुकानों को न तोड़ने के बदले दोबारा ₹6 लाख रिश्वत की मांग की। कई बार बातचीत के बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता से ₹5 लाख लेने पर सहमति जताई।
इसी शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आज राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने आरोपी जे.ई. नरेश कुमार को ₹1,50,000/- बतौर रिश्वत लेते हुए एन.एच.-2 बाईपास रोड सेक्टर-12 फरीदाबाद से रंगे हाथों पकड़ लिया।
एसीबी इंस्पेक्टर सौरभ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अभियोग संख्या 25/5.9.2025/धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पी.सी. एक्ट) के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, फरीदाबाद में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
#faridabadnews #faridabad #news #hindinews #latestnews #haryana




