Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 19 सितंबर। गुरुग्राम में एक बार फिर एक युवक द्वारा एक युवती के सामने अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। कुछ दिन पहले भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था जिसमें एक युवक ने दिनदहाड़े एक मॉडल के सामने जिप खोल कर अश्लील हरकतें करना शुरू कर दी थी। बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार युवती बालकनी में खड़ी थी। उसको देखकर काले रंग की थार के ड्राइवर ने अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी। युवक ने सड़क के साइड में थार लगाई और युवती के सामने पैंट खोल प्राइवेट पार्ट निकालकर अश्लील हरकत करने लगा। उसने गंदे-गंदे इशारे भी किए। युवती ने तुरंत अंदर जाकर अपनी रूम पार्टनर को इसके बारे में बताया। इसके बाद बाहर आकर उन्होंने युवक का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया। यह देखकर युवक थार लेकर वहां से फरार हो गया। युवती ने वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर घटना के बारे में बताया है। घटना 18 सितंबर देर रात की है।
पोस्ट में युवती ने लिखा- मैं अपनी बालकनी में खड़ी होकर एक दोस्त से मोबाइल पर बात कर रही थी। तभी काली थार में एक युवक वहां पहुंचा और बीच सड़क पर आकर गाड़ी रोक दी। पहले तो मुझे लगा कि वो नॉर्मल तरीके से बैठा है, लेकिन फिर मैंने उसकी हरकत देखी और समझा कि वो असल में मुझे घूरते हुए अश्लील हरकत कर रहा है।
युवती ने आगे लिखा कि मैं भागकर अंदर गई और अपनी रूममेट को बताया। हमने कमरे में लगे पर्दों के पीछे से अपने फोन में रिकॉर्डिंग करनी शुरू कर दी। प्लेबैक पर हमने देखा कि वो अपनी सीट पर दुबका हुआ था और बेशर्मी से हमें देख रहा था और गंदे इशारे कर रहा था। यह सब लगभग 10 मिनट तक चलता रहा।
युवती ने बताया कि हमारी एक दोस्त ने हिम्मत दिखाई और वह बाहर जाकर उसका वीडियो रिकॉर्ड करने लगी। दोस्त को वीडियो बनाते देख थार में बैठा युवक घबरा गया और बीच में ही अपनी हरकत को रोक दिया। पकड़े जाने के डर से वह अपनी गाड़ी लेकर भाग गया। उस समय रात के 12:20 बजे थे। वह भी गुरुग्राम जैसे शहर में मेदांता अस्पताल जैसे व्यस्त इलाके के पास ये घटना हुई। घटना का वीडियो बनाने वाली युवती कौन है अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है।
वहीं सदर थाना SHO बलराज का कहना है कि उनके पास अभी तक कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस की सोशल मीडिया टीम से इस संबंध में कोई निर्देश मिलते हैं तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




