Bilkul Sateek News
गुरुग्राम/फरीदाबाद, 20 सितंबर। शुक्रवार देर रात हरियाणा के दो जिलों में अद्भुत नजारा देखने को मिला। गुरुग्राम और फरीदाबाद से कई वीडियो सामने आए हैं जिसमें आसमान में रात के अंधेरे में तेज रफ्तार से चमकदार रोशनी दौड़ती हुई दिखाई दी जिसके बाद लोगों ने अपने मोबाइल फोन में इस अद्भुत नजारे को कैद कर लिया। जिसके वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए किसी ने इसको मिसाइल कहा तो किसी ने इसे क्षुद्रग्रह तो किसी ने जादुई पल। देररात लगभग सवा एक बजे आसमान का नजारा ही ऐसा था कि जिसने भी उसे देखा वह मंत्रमुग्ध होकर वहीं जड़वत हो गया।
गुरुग्राम में लोगों ने सोशल मीडिया पर अपने अनुभव शेयर करते हुए लिखा कि मैं अपनी छत पर था जब अचानक आसमान में एक चमकदार गोला दिखा। यह इतनी तेजी से गुजरा कि मैं बस देखता रह गया। मैंने तुरंत वीडियो बनाया और अपने दोस्तों के साथ शेयर किया।
वहीं, किसी ने इसे जादुई पल करार देते हुए लिखा कि पहली बार ऐसा कुछ देखा। आसमान में जैसे कोई तारा टूटकर गिर रहा हो। कुछ लोगों ने इसे शुभ संकेत माना, तो कुछ ने इसे विज्ञान की खूबसूरती बताया।
वहीं, फरीदाबाद के राज वर्मा ने लिखा कि इस घटना ने फरीदाबाद वासियों को प्रकृति के इस अनोखे चमत्कार को देखने का मौका दिया। जीवन का अविस्मरणीय पल है।
जानकारों के अनुसार यह घटना एक उल्का वर्षा का हिस्सा हो सकती है, जो तब होती है जब पृथ्वी किसी धूमकेतु के मलबे के रास्ते से गुजरती है। इस दौरान छोटे-छोटे कण वायुमंडल में प्रवेश करते हैं और घर्षण के कारण जलकर चमकने लगते हैं। सोशल मीडिया पर यह उल्कापिंड संभवतः एक सामान्य उल्का थी, लेकिन इसकी चमक और आकार ने इसे खास बना दिया। ऐसी घटनाएं दुर्लभ होती हैं और शहरी क्षेत्रों में प्रदूषण के कारण इन्हें देखना और भी कठिन होता है।




