Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 सितंबर। गुरुग्राम की एक निजी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले इंजीनियरिंग के दो छात्रों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़ इतना बड़ा की एक छात्र के दोस्त ने दूसरे छात्र पर गोली चला दी। जिसमें दूसरा छात्र बाल-बाल बच गया। वहीं, सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और उसने वहां से एक गोली का खाली खोल बरामद किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (1), 3(5) और 251 बीए और ऑर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव लोकरी निवासी साहिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह कापड़ीवास स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग के प्रथम वर्ष में पढ़ रहा है। बुधवार शाम को यूनिवर्सिटी के सभागार में एक कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान इंजीनियरिंग के द्वितीय वर्ष के छात्र के साथ उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। सभागार में मौजूद दूसरे छात्रों ने बीच-बचाव करवाया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह घर वापस जा रहा था, तभी आरोपी के दोस्तों ने उसको बुलाया।
आरोपी के दोस्त उसे यूनिवर्सिटी के बाहर मुस्कान होटल के पास खाली पड़ी जगह पर लेकर गए और बातचीत करना शुरू कर दिया। तभी आरोपी छात्र के दोस्त ने पिस्टल निकालकर उस पर फायरिंग कर दी, जिसमें साहिल ने कूद कर जान बचाई। उसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। अचानक हुई फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से गोली का खाली खोल बरामद कर लिया है। बिलासपुर थाना पुलिस ने मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और जांच शुरू कर दी। पुलिस प्रवक्ता एएसआई संदीप ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




