राव नरबीर सिंह ने विनफास्ट-हरितश मोबिलिटी के ‘ए कार कैफे’ का किया शुभारंभ
हमारे शहर और देश को स्वच्छ और हरित बनाने में इलेक्ट्रिक वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 सितंबर। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे पर्यावरण संरक्षण के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाएं। उन्होंने कहा कि चाहे वह दोपहिया वाहन हो या चौपहिया, इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल हमारे शहर और देश को स्वच्छ और हरित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह केवल एक तकनीकी विकल्प नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए जिम्मेदार कदम है। कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह गुरुग्राम के सेक्टर 48 में सोहना रोड स्थित कैपिटल पार्क में विनफास्ट के फ्लैगशिप डीलरशिप ‘ए कार कैफे’ का शुभारंभ करने उपरांत उपस्थितजन को संबोधित कर रहे थे।
पर्यावरण मंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी है, बल्कि यह आर्थिक दृष्टि से भी फायदेमंद है। ईंधन पर होने वाला खर्च कम होता है और रखरखाव की लागत भी पारंपरिक वाहनों की तुलना में कम होती है। इससे नागरिकों की मासिक और वार्षिक बचत में भी वृद्धि होती है। राव ने कहा कि हरियाणा हमेशा से ही दीर्घकालिक और कारोबारियों का साथ देने वाला राज्य रहा है। हम विनफास्ट और हरितश मोबिलिटी की नई पीढ़ी के प्रीमियम इलेक्ट्रिक वाहनों का स्वागत करते हैं।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना हमारी जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि छोटे-छोटे कदमों से बड़ी परिवर्तनकारी दिशा में योगदान दें। हर व्यक्ति की भागीदारी इस पहल को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाती है। कैबिनेट मंत्री ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि सरकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अधिक से अधिक लोग हरित और स्वच्छ भविष्य की ओर कदम बढ़ाएंगे और इलेक्ट्रिक वाहनों के माध्यम से पर्यावरण को भी लाभ पहुंचाएंगे।
इस अवसर पर विनफास्ट के डेप्युटी सीईओ अरुणोदय दास तथा हरितश मोबिलिटी के मैनेजिंग डायरेक्टर सचिन हरितश उपस्थित थे।




