Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 सितंबर। गुरुग्राम में एक सोसाइटी में लिफ्ट की छत गिरने से एक व्यक्ति घायल हो गया। जिसके बाद वहां के निवासी RWA पर भड़क उठे। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं कराई गई थी। वहीं, घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसा कल रात सनसिटी एवेन्यू 102 सोसाइटी में हुआ। यहां H टावर की पैसेंजर लिफ्ट की छत अचानक गिर गई। इसकी चपेट में आने से यहां का एक निवासी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद सोसाइटी में दहशत का माहौल है। सोसाइटी के निवासियों ने RWA की लापरवाही पर सवाल उठाए हैं।
सोसाइटी में रहने वाले कुछ लोगों ने बताया कि लिफ्ट में लंबे समय से खराबी आ रही थी और इस बारे में कई बार RWA को शिकायतें दी गई थीं। उन्होंने कहा, “बावजूद इसके प्रबंधन की ओर से किसी भी प्रकार की मरम्मत या सुरक्षा जांच नहीं कराई गई। RWA की इसी लापरवाही ने यह गंभीर हादसा होने दिया।”
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि “हम सोसाइटी के निवासियों और RWA सदस्यों से पूछताछ कर रहे हैं। लिफ्ट की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी। जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस ने यह भी कहा कि सोसाइटी में सुरक्षा और रखरखाव से जुड़े मानकों की समीक्षा की जाएगी।




