
नई दिल्ली : निकाय चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस बैठक में सैनी ने दिल्ली विधानसभा की ऐतिहासिक जीत पर पीएम मोदी को बधाई दी और कहा कि उनके नेतृत्व में दिल्लीवासियों को भी केंद्र की सभी योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने यह भी जोर दिया कि केंद्र सरकार के साथ समन्वय से दिल्ली के विकास कार्यों की गति दोगुनी होगी।
बैठक के दौरान सैनी ने हरियाणा के आधारभूत विकास और आगामी परियोजनाओं की जानकारी प्रधानमंत्री को दी। मोदी ने भी हरियाणा में केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त परियोजनाओं की समीक्षा की। साथ ही, ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प में हरियाणा की भागीदारी को लेकर भी चर्चा हुई।
निकाय चुनाव को लेकर भी दोनों नेताओं के बीच विशेष विचार-विमर्श हुआ। करीब 30 मिनट चली इस बैठक के बाद सैनी ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला है। उन्होंने आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार के सहयोग से हरियाणा के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य जारी रहेगा।