Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 2 सितंबर। फरीदाबाद में आज राज्य मंत्री राजेश नागर ने यमुना बाढ़ में डूबकर जान गंवाने वाले 11 वर्षीय बच्चे कृष्णा के परिजनों को सरकार की ओर से 4 लाख रुपये का चेक उनके घर जाकर सौंपा। हादसा बृहस्पतिवार को हुआ था, बाढ़ का पानी खेतों में भर जाने से कृष्णा की डूबकर मौत हो गई थी। जिसकी लाश दूसरे गांव में जाकर मिली थी। इस दुःखद घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार से मंत्री राजेश नागर मिले ओर परिवार को चार लाख रुपये की सहायता राशि देने के लिए कहा था। आज मंत्री राजेश नागर मृतक बच्चे के घर पहुंचे, परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त करते हुए आर्थिक सहायता का चेक दिया।
इसके बाद उन्होंने यमुना से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा भी किया और हालात का जायजा लिया, वहीं उन्होंने शेल्टर होम में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों का हाल-चाल जाना और व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कहा कि उनकी विधानसभा के कई गांव और कॉलोनियां बाढ़ से प्रभावित हैं, किसानों की फसलें डूब गई हैं और भारी नुकसान हुआ है। सरकार ने पोर्टल के माध्यम से नुकसान की भरपाई सुनिश्चित करने की व्यवस्था की है। मंत्री नागर ने कहा कि उम्मीद है जल्द ही यमुना का जलस्तर कम होगा और लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने अधिकारियों की बैठक बुलाकर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को समय पर राशन और सहायता मिलती रहे। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे हरियाणा में अगर कहीं कोई शिकायत आती है तो उसे तुरंत दूर किया जाएगा।




