बढ़े बिजली बिल के विरोध में जेजेपी, सरकार के खिलाफ खोलेगी मोर्चा
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 20 सितंबर। जननायक जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर आज जिला अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। जिसमें करीब 4 दर्जन से अधिक सदस्यों को पार्टी के विभिन्न पदों पर नियुक्त किया गया। सदस्यों की नियुक्ति के साथ उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ जरूरत पड़ी तो जेजेपी सड़कों पर भी उतरेगी।
जिला अध्यक्ष प्रदीप चौधरी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला, हरियाणा प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला एवं प्रदेश अध्यक्ष ब्रिज शर्मा और युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला से विचारविमर्श कर जिला फरीदाबाद कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। जिसमें उपाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, प्रधान महासचिव, कार्यालय सचिव, सचिव और कार्यकारिणी सदस्यों को बनाया गया है।
जिला अध्यक्ष ने सभी नवीन साथियों को बधाई देते हुए कहा कि पार्टी के आदेश पर 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल का 112वां जन्मदिवस प्रदेश में 112 कार्यक्रम करके मनाया जाएगा। जिसमें चौधरी देवीलाल के संघर्ष के साथी रहे बुजुर्गों को सम्मानित करने का काम, वृद्ध आश्रम में फल वितरण, शहर में साफ सफाई, स्वास्थ्य सेवा एवं चौधरी देवीलाल के प्रतिमाओं को साफ एवं मरम्मत करने का काम जननायक जनता पार्टी करेगी।




