Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 3 जनवरी। नए साल के पहले दिन फरीदाबाद में चलती ट्रेन नवजात कन्या की किलकारियों से गूंज उठी। कन्या के जन्म लेते ही सभी यात्रियों के चेहरे खिल उठे। मामला फरीदाबाद का है जहां ट्रेन में एक महिला को समय पूर्व लेबर पेन हुआ। जिसके बाद ट्रेन में सफर कर रही अन्य महिलाओं द्वारा उसकी डिलीवरी कराई गई। महिला का नाम अभिलाषा है। वह अपने पति जवाहरलाल के साथ ट्रेन में सफर कर रही थी। दंपति मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के गांव सिटोली का रहने वाला है।
दरअसल यह घटना जम्मू-कश्मीर से मध्य प्रदेश जा रही श्री माता वैष्णो देवी कटरा 11450 जबलपुर एक्सप्रेस में घटित हुई है। महिला और उसका पति जम्मू-कश्मीर में रहते थे और वहां काम करते थे। महिला आठ माह की गर्भवती थी, उसकी कभी भी डिलीवरी हो सकती थी। इसलिए उसका पति उसे लेकर अपने गांव जा रहा था। बृहस्पतिवार दोपहर को उनकी ट्रेन दिल्ली पहुंची। यहीं से महिला को हल्का दर्द शुरू हुआ। तुगलकाबाद रेलवे स्टेशन पार होने के बाद महिला का दर्द बढ़ गया। उसे असहनीय पीड़ा हुई तो पति के आग्रह पर एस 5 कोच में मौजूद दूसरी महिलाएं उसके पास आ गई। उन्होंने गर्भवती को देख समझ लिया कि उसकी डिलीवरी होने वाली है और लेबर पेन शुरू हो गया है।
महिलाओं ने चादर और कंबल एकत्र किए और गर्भवती महिला का पर्दा कर अन्य यात्रियों को दूसरी ओर भेज दिया। इसके बाद कुछ अनुभवी महिलाओं की मदद से चलती ट्रेन में ही गर्भवती की डिलीवरी करवाई गई। इस दौरान किसी यात्री ने रेलवे कंट्रोल रूम पर कॉल किया और पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही रेलवे हरकत में आया और ट्रेन को ओल्ड रेलवे स्टेशन फरीदाबाद पर रोका गया। महिला के लिए ट्रेन 26 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही। रेलवे मेडिकल की महिला स्टाफ ने मौके पर आकर मां और बेटी की जांच की और उसके बाद आरपीएफ और जीआरपी की मदद से दोनों को एंबुलेंस के जरिए बीके सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। महिला और नवजात कन्या दोनों पूरी तरह सुरक्षित है।



