
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 21 जून। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने आज आरोप लगाया कि सरकार सफाई अभियान के नाम पर लोगों से धोखा कर रही है और साथ ही सफाई कर्मचारियों को बुरी तरह से शोषण कर रही है। उन्होंने सफाई कर्मियों की भर्ती, वेतन आदि पर भी सरकार पर जमकर निशाना साधा।
निगम कांफ्रेंस हाल में आयोजित प्रेस वार्ता और फरीदाबाद कमिश्नरी के अधीन नगर निगम फरीदाबाद, नगरपरिषद पलवल, होडल, नगरपालिका हथीन, नगर परिषद नूंह, नगरपालिका पुन्हाना, तावड़ू और फिरोजपुर झिरका के सैकड़ों कार्यकर्ताओ को संबोधित करते हुए नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि 11 साल से सफाई और सीवर कर्मियों की नियमित भर्ती नहीं करना सामाजिक भेदभाव है। उन्होंने कहा कि ₹26 व 27 हजार के स्थान पर 2100 रुपये की वृद्धि करने की घोषणा सफाई कर्मचारियों के साथ एक भद्दा मजाक है। सरकार ने वर्ष 2019 से 2024 तक 5 साल में न्यूनतम वेतन वृद्धि न कर आर्थिक शोषण किया। पालिका, परिषदों व निगमों के सफाई कर्मचारियों की हाजरी जबरन डंडे के जोर पर तानाशाही पूर्वक ऑनलाइन लगाने के लिए मजबूर करना न्यायोचित्त नहीं है।
शास्त्री ने कहा कि सरकार सफाई अभियान के नाम पर नागरिकों के साथ धोखा कर रही है और सफाई, सीवर कर्मचारियों का शोषण कर रही है। विभाग में जनसंख्या के आधार पर कर्मचारियों की संख्या कम है और सफाई के उपकरण व संसाधन नहीं है। सुरक्षा उपकरणों के अभाव में सीवर व सफाई कर्मचारियों की मौतों का क्रम लगातार जारी है। शास्त्री ने सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि सरकार ने 29 अक्टूबर 2022, 5 अप्रैल 2023 व 7 अगस्त 2024 को संघ व सरकर के बीच हुए समझौतों में सफाई कर्मचारियों व सीवर कर्मियों के रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करने, समान काम समान वेतन एरियर सहित देने, फायर के कर्मचारियों को सृजित पदों पर समायोजित करने, वेतन वृद्धि करने, ठेका प्रथा समाप्त करने, क्षेत्रफल आबादी के तहत नए पद सर्जित कर पक्की भर्ती करने, गुरुग्राम के 946 कर्मचारियों को पालिका रोल पर करने और 2534 सफाई कर्मचारियों को हरियाणा कौशल रोजगार निगम पर करने, हड़ताल अवधि का वेतन देने समेत दर्जनों मांगों पर सहमति बनी थी। लेकिन सरकार ने मानी गई मांगों को लागू न कर प्रदेश के पालिका, परिषद, निगम व फायर के कर्मचारियों को आंदोलन करने के लिए मजबूर किया है। नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने सरकार की वायदाखिलाफी, हठधर्मिता और शोषण के खिलाफ 22 जून को मुख्यमंत्री के कुरुक्षेत्र आवास और शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के पानीपत आवास पर जोरदार प्रदर्शन कर ज्ञापन देने एवं 23 जून को सरकार के अन्य मंत्रियों को प्रदर्शन कर मानी गई मांगों को लागू करवाने के लिए ज्ञापन देंगे। इसके बाद 29 जून को शहरी स्थानीय निकाय विभाग मंत्री विपुल गोयल के फरीदाबाद आवास पर हरियाणा प्रदेश के सभी पालिका, परिषद, निगम व फायर के हजारों कर्मचारी राज्य स्तरीय धरना देकर घेराव करेंगे।
कन्वेंशन में राष्ट्रीय ट्रेड यूनियनों, केंद्रीय फेडरेशनों एवं राष्ट्रीय संघों व सर्वकर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर श्रम कानून को समाप्त कर चार श्रम कोड लागू करने के खिलाफ, रिक्त पदों पर पक्की भर्ती करने, पुरानी पेंशन लागू करने, आठवां वेतन आयोग हरियाणा प्रदेश का अलग गठित करने, हर माह वेतन में 5 हजार रुपये अंतरिम राहत देने तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आठवें वेतन आयोग के लाभ से बाहर करने के विरुद्ध देश के सभी मजदूर कर्मचारियों के साथ 9 जुलाई को राष्ट्रीय व्यापी हड़ताल में शामिल होने का भी ऐलान किया गया। प्रेस वार्ता व कन्वेंशन में नगरपालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह सगेलिया, राज्य उप महासचिव सुनील चंडालिया, राज्य सचिव पुरुषोत्तम दानव व अनूप चंडालिया, राज्य उपाध्यक्ष कमला व हरियाणा महिला सब कमेटी की सदस्य ललिता देवी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
कन्वेंशन में जिला पलवल के प्रधान कन्हैया लाल, प्रधान विजय, फरीदाबाद के जिला प्रधान दिलीप बोहत, जिला सचिव अनिल चंडालिया, नानक चंद खैरालिया, नूंह जिले के प्रधान सुभाष गुज्जर, नगर निगम फरीदाबाद सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगोहर, सचिव महेंद्र कुड़िया, वाटर सप्लाई यूनियन के प्रधान देवी चरण शर्मा, बेलदार यूनियन के प्रधान शहाबुद्दीन, इलेक्ट्रीशियन यूनियन के प्रधान मनोज शर्मा, पुन्हाना के प्रधान धर्मवीर, फिरोजपुर झिरका के प्रधान मुकेश कुमार, हथीन नगर पालिका के प्रधान दीपक, तावडू के प्रधान मामचंद, सहित सैंकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।