
कांग्रेस पर जमकर बरसे विपुल गोयल
कहा, ‘कांग्रेस ने नहीं दिया डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न‘
भाजपा हमेशा दलितों के साथ
सरकार कर रही अपना काम
कर्मचारी हो या नेता गलत करेगा तो भुगतना पड़ेगा
मुख्यमंत्री सैनी को दी जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 25 जनवरी। कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल आज संविधान दिवस पर जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर जमकर कांग्रेस पर बरसे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा संविधान रचयिता डॉ. अंबेडकर का सम्मान किया है। वहीं, कांग्रेस ने हमेशा ही डॉ. अंबेडकर का तिरस्कार किया है। कांग्रेस ही थी जिसने डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया। गोयल ने कहा कि भाजपा हमेशा दलितों के साथ है। उन्होंने कहा कि सरकार अपना काम कर रही है।
संविधान गौरव अभियान कार्यक्रम में पहुंचे गोयल का जिला अध्यक्ष ने स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने संविधान के ऊपर लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया और संविधान को लेकर जहां अपने विचार रखें। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हमारे संविधान को आज बने हुए 75 साल हो गए हैं। इसके उपलक्ष्य में संविधान गौरव अभियान का आयोजन किया जा रहा है और प्रदर्शनी लगाकर बताया गया है की संविधान के निर्माता कौन थे और किस तरह संविधान की रचना हुई। उन्होंने कहा कि संविधान के रचयिता बाबा साहेब अंबेडकर के लिए भाजपा में हमेशा ही श्रद्धा और सम्मान का भाव है। वहीं, कांग्रेस ने किस तरह उनके प्रति अन्याय किया, यह प्रदर्शनी में दिखाया गया है। कांग्रेस ने उनका तिरस्कार किया और उन्हें भारत रत्न दिए जाने को रोकने का काम किया। जबकि भाजपा ने उन्हें उचित सम्मान देने का काम किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव में संविधान को लेकर भाजपा के ऊपर बहुत आरोप लगाए, लेकिन जनता ने उन्हें जवाब दे दिया है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि भाजपा हमेशा दलितों के साथ है और उन्हें बढ़ावा देने का काम कर रही है।
गोयल ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जन्मदिवस पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि सीएम सैनी जनता के प्रति हमेशा समर्पित रहे हैं और लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री के लिए बेहतर स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की। सरकार में भ्रष्टाचार के ऊपर संज्ञान लेने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार अपना काम कर रही है और अगर कोई गलत करेगा चाहे वह कोई कर्मचारी हो या नेता हो उसे भुगतान करना पड़ेगा।