छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रमों से सबका मनमोहा
उत्कृष्ट कार्यों के लिए महिलाओं व छात्राओं का सम्मान
महिला सुरक्षा को लेकर किया जागरूक
कूड़ा प्रबंधन पर भी किया जागरूक
स्वास्थ्य व साफ-सफाई को लेकर किया जागरूक
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 8 मार्च। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आज जिले में कई जगह कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस मौके पर एक निजी स्कूल में छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पुलिस कम्युनिटी सेल की इंचार्ज सुनीता ने इस मौके पर उत्कृष्ट कार्यों के लिए महिलाओं और छात्राओं को सम्मानित किया। उन्होंने महिला सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां सांझा की। दूसरी तरफ नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं को साफ-सफाई के साथ-साथ गीले और सूखे कूड़े के प्रबंधन को लेकर जागरूक किया गया।
मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची पुलिस कम्युनिटी सेल की इंचार्ज ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी महिलाओं और छात्राओं को शुभकामना देते हुए कहा कि सुरक्षा को लेकर सभी डायल 112 अप ऐप अपने मोबाइल में डाउनलोड करके रखें और अन्य सुरक्षा से संबंधित सभी ऐप भी डाउनलोड करके रखें। उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी भी अपराध से बचने के लिए हमेशा सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि आज सेना में और स्पेस में भी महिलाएं सबसे आगे हैं और वायुसेना में लड़ाकू विमान तक उड़ा रही हैं। इसलिए महिलाएं अपनी क्षमता को किसी से भी कम ना समझे। उन्होंने महिलाओं से कहा कि जो महिलाएं सक्षम है वह सामाजिक कार्यों में भी बढ़-चढ़कर अपना योगदान जरूर दें। उन्होंने बताया कि पुलिस कम्युनिटी सेल की इंचार्ज होने के नाते अब तक वह डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को जागरूक कर चुकी हैं। वहीं, उन्होंने साइबर अपराध को लेकर भी सभी को सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने हैरानी जाहिर करते हुए कहा कि आज पढ़े लिखे लोग भी इसकी चपेट में लालचवश आ रहे हैं।
वहीं, दूसरी तरफ महिला दिवस के उपलक्ष्य में निगम सभागार में महिलाओं को स्वास्थ्य, और सफाई के प्रति जागरूकता के लिए कैंप का आयोजन किया गया। जहां महिलाओं को सेनेट्री पैड वितरित किए गए और साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण के प्रति जागरूक किया गया कि कैसे उन्हें गीले और सूखे-कूड़े का प्रबंध करना है। इस मौके पर भारत स्वच्छता मिशन की मंडल एक्सपर्ट कल्पना सिंह और नगर निगम के जेई अंकित गोयल महिलाओं को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



