
संगठन सृजन अभियान व जिलाध्यक्ष चयन को लेकर सांसद मनिकम टैगोर ने किया पत्रकार वार्ता को संबोधित
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 10 जून। एआईसीसी से फरीदाबाद जिले के ऑब्जर्वर एवं लोकसभा सांसद मनिकम टैगोर ने कहा कि फरीदाबाद समेत पूरे हरियाणा में कांग्रेस संगठन को फिर से मजबूती से खड़ा करने की कवायद शुरू हो चुकी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के दिशा निर्देशानुसार कर्मठ और मेहनती कार्यकर्ताओं को संगठन में समायोजित किया जाएगा। कांग्रेस हाईकमान हरियाणा में संगठन जल्द से जल्द बनाने के लिए गंभीर है और मुझे जिम्मेदारी दी गई है कि मजबूत संगठन के लिए प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता से रायशुमारी की जाए और सारा ब्यौरा तैयार कर कांग्रेस हाईकमान के समक्ष रखा जाए। सांसद मनिकम टैगोर मंगलवार को संगठन सृजन अभियान व जिलाध्यक्ष चयन को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित मैगपाई टूरिज्म में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
इस मौके पर उनके साथ मुख्य रुप से कांग्रेस जिला फरीदाबाद प्रभारी विरेंद्र पाल शाह, सह प्रभारी सुधीर चौधरी, सह प्रभारी रोहताश बेदी, विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, पूर्व विधायक पं. नीरज शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता लखन सिंगला, विजय प्रताप सिंह, पराग शर्मा, रोहित नागर, सुमित गौड़, तरुण तेवतिया, गुलशन बग्गा, जितेंद्र चंदेलिया, अनिल कुमार नेताजी, डा. सौरभ शर्मा, राकेश तंवर, ठाकुर राजाराम, गिरीश भारद्वाज, नीरज गुप्ता, धर्मदेव आर्य, सुंदर सिंह, अनीशपाल, रोहित सिंगला, नितिन सिंगला, अनीशपाल, राजेश आर्य, संजय सोलंकी समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे। सांसद मनिकम टैगोर ने कहा कि पिछले कई सालों से संगठन के अभाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मनोबल जरूर कम हुआ है, लेकिन अब कांग्रेस मजबूत संगठन खड़ा करेगी। जिसमें जिलाध्यक्ष, ब्लाक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, सेवादल अध्यक्ष इत्यादि सभी पदों पर नियुक्तियां होगी और शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मेहनती कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास कर्मठ कार्यकर्ताओं की बड़ी ताकत है और कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते है, इसलिए संगठन में सभी कार्यकर्ताओं को उनकी योगयतानुसार जिम्मेदारियां दी जाएगी। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद लोकसभा क्षेत्र की सभी विधानसभाओं में सिलसिलेवार 18 जून को एनआईटी, 19 जून को बडखल, 20 जून को बल्लभगढ़, 21 जून तिगांव, 22 जून को फरीदाबाद तथा 23 जून को पृथला विधानसभा अनुसार मीटिंग ली जाएगी और कार्यकर्ताओं से सलाह मशविरा किया जाएगा। इसके उपरांत किसान भवन सेक्टर-16 में एक बड़ी मीटिंग का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस के पांच सांसद तथा 37 चुने गए विधायक पुरजोर तरीके से संसद व विधानसभा में जनता की समस्याओं की आवाज को बुलंद कर रहे हैं।
लोकसभा सांसद मनिकम टैगोर ने भाजपा सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह सरकार 11 साल सफलता का जश्र बना रही है, लेकिन कितने शर्म की बात है कि फरीदाबाद जैसे जिले के नागरिक अस्पताल के हार्ट सेंटर में एक जनरल फिजिशियन सैकड़ों लोगों की हार्ट की सर्जरी करके उनके जीवन से खिलवाड़ कर देता है और सरकार व प्रशासन मौन है। इतनी बड़ी गलती सरकार की नाकामी को साफ साफ दर्शाती है। उन्होंने इस मामले में उच्चस्तरीय जांच किए जाने और दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की।