Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 24 जनवरी। 26 जनवरी के उपलक्ष में आज बी.डी.ब्लू बैल्स पब्लिक स्कूल विश्व के सर्वश्रेष्ठ व सबसे सुदृढ़ देश ‘भारत’ का 77 वां गणतंत्र दिवस मनाया। अपने विद्यार्थियों में देश भक्ति की भावना को भरने के लिए विद्यालय के कब-बुलबुल, स्काउट-गाइड, एन.सी.सी. और चारों सदनों के विद्यार्थियों ने ड्रम की ताल पर कदमताल करते हुए तिरंगे झंडे को सलामी दी। पूर्व प्राथमिक कक्षा के नन्हें बच्चों ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिधान में समारोह की शोभा में चार चाँद लगा दिया।
आज का अमर दिन देश के संविधान की अमर गाथा को बारंबार प्रस्तुत करता है। विद्यार्थियों ने अनेकता में एकता की भावना जगाने वाले नृत्य व संगीत से वातावरण को उत्साह व देशभक्ति से भर दिया। ‘योग करें निरोग रहें’ को आधार बनाकर विद्यार्थियों ने योग की अनेक मुद्राओं को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया। बी.डी.ब्लू बैल्स पब्लिक विद्यालय विद्यार्थियों में सहयोग व अनुशासन को भरने के लिए प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने बाबा साहब भीम राव अंबेडकर व अन्य विभूतियों को याद किया जिन्होंने गणतंत्र को सम्यक रूप से चलाने के लिए ‘भारत’ को संविधान दिया। हमारे संविधान निर्माताओं ने आम आदमी तक को न्याय व सुरक्षा देने के लिए अपने संविधान को सर्वजन हिताय बनाया। संविधान अपने देश वासियों को नागरिकता प्रदान करता है जो हर भारत के नागरिक को भारतीय होने का अधिकार देता है। कार्य पालिका, न्यायपालिका व विधायिका मिलकर एक सफल लोकतंत्र का निर्वहन करते हैं।
ब्लू बैल्स ग्रुप ऑफ स्कूल्स के वित्त एवं लेखा नियंत्रक अचल जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने ने छात्र-छात्राओं और शिक्षक-शिक्षिकाओं को गणतंत्र की बधाई देते हुए अपने आचरण की शुद्धता व कर्तव्य निष्ठता से देश को भ्रष्टाचार मुक्त व सशक्त बनाने हेतु अभिप्रेरित किया और अपने अधिकारों व मौलिक कर्तव्यों के प्रति सचेत किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान “वंदे मातरम” के साथ हुआ, जिसने सभी को देशभक्ति, एकता और भारतीय गणराज्य के मूल्यों के महत्व को याद दिलाया।



