
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 मई। गुरुग्राम की CMO की जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस ने प्रसूता की लापरवाही से मौत के मामले में डॉक्टर के खिलाफ FIR दर्ज की है। मानेसर की रहने वाली प्रसूता की मौत लगभग पौने पांच महीने पहले हुई थी।
गुरुग्राम के मानेसर के रहने मनोज यादव के अनुसार उसकी पत्नी मोनिका नौ माह की गर्भवती थी। वह दूसरी बार मां बनने जा रही थी। मोनिका को 5 जनवरी की सुबह तेज पेटदर्द होने पर सक्षम अस्पताल सेक्टर 83 में भर्ती कराया गया। मोनिका की गर्भावस्था के दौरान उसकी देखभाल डॉ. शिखा परमार कर रही थीं।
मनोज का आरोप है कि डॉ. शिखा ने पहले बताया था कि मोनिका की डिलीवरी सिजेरियन होगी, क्योंकि उनकी पहली संतान भी ऑपरेशन से हुई थी। लेकिन उस दिन सुबह 9 बजे जब मनोज अपनी पत्नी को तेज दर्द के साथ अस्पताल लेकर पहुंचा तो डॉ. शिखा ने सामान्य डिलीवरी की बात कही।
मनोज ने बताया कि दोपहर 2 बजकर 20 मिनट पर मोनिका ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। डॉ. शिखा ने मनोज को आश्वासन दिया कि जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। करीब आधे घंटे बाद, जब मोनिका को एक बेड से दूसरे बेड पर शिफ्ट किया जा रहा था तो उसने देखा कि मोनिका के बहुत अधिक खून बह रहा है। घबराए हुए मनोज ने तुरंत डॉ. शिखा को इसकी जानकारी दी, लेकिन डॉ. शिखा ने इसे सामान्य स्थिति बताकर टाल दिया।
मनोज का आरोप है कि न तो मोनिका को तुरंत आईसीयू में भर्ती किया गया ऑयर ना ही उसकी हालत को देखते हुए किसी अन्य अस्पताल में रेफर करने की बात की गई। समय बीतता गया और मोनिका की हालत बिगड़ती चली गई। बार-बार मोनिका की स्थिति पूछने पर सिर्फ उसे आश्वासन ही मिले। शाम लगभग 6.30 बजे डॉक्टरों ने मनोज को बताया कि मोनिका को बेहोशी का इंजेक्शन दिया गया है और उसे दूसरे अस्पताल में रेफर किया जा रहा है।
उस समय तक बहुत देर हो चुकी थी। मनोज को यह जानकर भी गहरा सदमा लगा कि अस्पताल के पास तुरंत मरीज को ले जाने के लिए एम्बुलेंस तक की व्यवस्था नहीं थी। कुछ देर बाद जब मनोज ने मोनिका को देखा, तो उसकी सांसें थम चुकी थीं।
मनोज ने आरोप लगाया कि मोनिका की मृत्यु डॉ. शिखा और सक्षम अस्पताल के स्टाफ की लापरवाही की वजह से हुई है। अगर समय रहते मोनिका की स्थिति को गंभीरता से लिया जाता और उसे तुरंत आईसीयू में शिफ्ट किया जाता या किसी बड़े अस्पताल में रेफर किया जाता, तो शायद उसकी जान बच जाती।
मोनिका के चाचा संदीप यादव ने भी इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं, इस मामले में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।