मेयर की अध्यक्षता में पार्षदों की बैठक का आयोजन
वार्ड-1,10,13,15,18,19 और 20 के पार्षद रहे मौजूद
पार्षद अपने वार्ड में सीएफसी सेंटर के लिए चिन्हित करे जमीन
अपील,ग्रामीण घरों के बाहर बने रैंप को स्वयं हटाएं
मौजूदा सफाई व्यवस्था से संतुष्ट दिखे पार्षद
Bilkul Sateek News
मानेसर, 3 सितंबर। मानेसर में मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव की अध्यक्षता में आज निगम पार्षदों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में वार्ड-1, 10, 13, 15, 18, 19 और 20 के पार्षद मौजूद रहे। सभी पार्षदों ने सफाई व्यवस्था सुधारने को लेकर निगम अधिकारियों की प्रशंसा की। पार्षदों ने कहा कि अधिकारियों की मेहनत की बदौलत ही सभी वार्डों में सफाई कर्मचारियों और संसाधनों की पूर्ति हो रही है।
मेयर ने कहा कि कई गांवों में कम्युनिटी सेंटर बनाने के लिए निगम के पास जमीन नहीं है। ऐसी जगहों पर एचएसआईआईडीसी की जमीन खाली पड़ी है, विभाग से तालमेल करके उस जगह पर कम्युनिटी सेंटर बनाने की दिशा में काम किया जाए। सड़कों के दोनों तरफ झाड़ियों की सफाई, निगम क्षेत्र में जोहड़ों की सफाई, मच्छरों से राहत को लेकर फॉगिंग करवाई जाए। इसके अलावा गांवों के मुख्य रास्तों पर स्वागत गेट, स्ट्रीट लाइटें, सरकारी इमारतों की देखभाल के लिए एक-एक स्टाफ नियुक्त किया जाना चाहिए।
इस दौरान आयुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि सभी पार्षद अपने वार्ड में सीएफसी सेंटर बनाने के लिए जमीन चिन्हित करके सूचित करें। सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा निगम अधिकारियों को आदेश दिए कि पार्षदों द्वारा मिलने वाली कार्यों की सूची को प्राथमिकता के आधार पर लें। उन्होंने पार्षदों से कहा कि सबसे पहले अपने वार्डों में ऐसे कामों को प्राथमिकता दें, जोकि ज्यादा जरूरी हैं। संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव ने बैठक में सफाई कर्मचारियों की सूची पार्षदों के साथ साझा करते हुए कहा कि पार्षद अपने वार्ड के इन सफाई कर्मचारियों की मदद से काम ले सकते हैं। एएसआई और वार्डों में सफाई के कामों के लिए उपयोग में लाए जाने वाले संसाधनों की सूची भी पार्षदों के साथ साझा की गई। उन्होंने बताया कि निगम की ओर से सफाई कर्मचारी नगर निगम मानेसर के लोगो वाली जैकेट पहनेंगे। इसी प्रकार एएसआई को लोगो वाली कैप दी गई है। पार्षदों ने अपने-अपने वार्ड में होने वाले कार्यों की सूची निगम अधिकारियों को दी। जैसे वार्डों में कम्युनिटी सेंटर बनवाने, चौपालों की मरम्मत करवाने, पीने के पानी के लिए ट्यूबवैल लगवाने, नालियों की सफाई, लाइब्रेरी बनवाने आदि कामों की सूची दी।
बैठक में विशेष स्वच्छता अधिकारी प्रदीप अहलावत, संयुक्त आयुक्त हितेंद्र शर्मा, डीटीपी राजेंद्र शर्मा, एक्सईएन मंदीप धनखड़, निजेश, एसडीओ अमन राठी, विकास शर्मा, पार्षद राम प्रकाश, रविंद्र, भूपेंद्र, प्रताप सिंह, पिंकी, जुगमिंदर सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।




