आबकारी एवं कराधान विभाग ने की अपीलः समय पर निपटाएं लंबित देय
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 सितंबर। संयुक्त आबकारी एवं कराधान आयुक्त स्नेहलता यादव ने बताया कि आबकारी एवं कराधान विभाग द्वारा संचालित वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) योजना-2025 वर्तमान में प्रचलन में है और इसका लाभ लेने की अंतिम तिथि 27 सितंबर निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि विभाग ने सभी पंजीकृत करदाताओं से अपील की है कि वे निर्धारित समयावधि के भीतर अपने लंबित देयों का निपटान कर इस योजना का लाभ उठाएं। योजना के अंतिम चरण में अधिकतम सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभागीय कार्यालय सेक्टर-32 स्थित संसाधन भवन में 27 सितंबर तक सुविधा विंडो उपलब्ध कराई गई है।
इस व्यवस्था के तहत करदाता अपने लंबित मामलों का निपटारा सरलता एवं शीघ्रता से कर सकेंगे। विभाग ने करदाताओं से अनुरोध किया है कि वे अंतिम चार दिनों का लाभ उठाते हुए समय पर अपने दस्तावेज दाखिल करें। इसके अतिरिक्त, करदाताओं को त्वरित मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान करने के लिए विभागीय हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है।




