Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 9 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा एवं एससी मोर्चा गुरुग्राम महानगर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को तावडू में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। गुरुग्राम महानगर किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष अमित भारद्वाज व एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुलदीप चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान नेता, समाजसेवी, बुद्धिजीवी वर्ग तथा पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचे नेताओं का फूलमालाओं से व पगड़ी बांधकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे अमित भारद्वाज ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार किसानों, दलितों एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भरता से ही विकसित भारत-2047 का सपना पूरा होगा। इस संकल्प की सिद्धि के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा आत्मनिर्भरता को राष्ट्र निर्माण का आधार बनाया गया है। आत्मनिर्भर भारत अभियान” का उद्देश्य देश को हर क्षेत्र में स्वावलंबी बनाना है- चाहे वह उद्योग हो, कृषि, रक्षा, विज्ञान या शिक्षा हो।
सरकार द्वारा मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजिटल इंडिया और स्किल इंडिया जैसे अभियानों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में अनेक ठोस कदम उठाए हैं। इन योजनाओं ने देश में नवाचार, उत्पादन, रोजगार और उद्यमिता को नई ऊर्जा प्रदान की है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब गांव-गांव तक पहुंच रहा है।
सम्मेलन में भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष अमित भारद्वाज ने कहा कि आत्मनिर्भरता ही वह शक्ति है जो भारत को विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर करेगी। भारत एक कृषि प्रधान देश है। यहां का किसान समृद्ध होगा तो देश भी समृद्ध होगा।
केंद्र और प्रदेश सरकार किसानों के आर्थिक उत्थान की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुलदीप चौहान ने भी पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन को और मजबूत करने तथा आगामी अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेने का संकल्प लिया।



