Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 21 नवंबर। सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन ने आज ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल तावड़ू सहित नौ अन्य विद्यालयों में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। अभियान के तहत 25 हजार पेड़ लगाने का संकल्प लिया गया, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए अधिक हरित, स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।
पौधारोपण के माध्यम से बच्चों को पर्यावरण – संरक्षण की शिक्षा देने और उन्हें जिम्मेदार भविष्य – नागरिक के रूप में प्रेरित करने का संदेश कार्यक्रम के केंद्र में रहा। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक, स्थानीय नागरिक और पर्यावरण प्रेमी इसमें शामिल हुए। सभी ने मिलकर पौधे लगाए और उनकी देखरेख का संकल्प भी लिया।
सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन के संस्थापक एवं चेयरमैन प्रदीप अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा, “हमने अपनी पिछली पहल में देखा कि कैसे समाज, प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों और युवाओं की सहभागिता ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ को एक भावनात्मक जन – अभियान बना दिया। आज तावड़ू और आसपास के स्कूलों में बच्चों ने जो उत्साह दिखाया, वह हमारे लिए ऊर्जा का स्रोत है। मैं मानता हूं कि जन्मदिन, सालगिरह या किसी भी शुभ अवसर पर एक पेड़ लगाने से एक सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। साथ ही, यदि हम संगठित होकर आगे बढ़ें, तो ग्लोबल वार्मिंग के खिलाफ लड़ाई को वास्तविक गति मिल सकती है।”
उन्होंने आगे कहा, “दिल्ली-एनसीआर हाल के दिनों में जिस गंभीर प्रदूषण – स्तर का सामना कर रहा था, उसने यह साफ कर दिया है कि अब शिकायतें नहीं, समाधान चाहिए और पेड़ इसका सबसे सरल, प्रभावी और टिकाऊ समाधान हैं। हमारा संकल्प है कि अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित कर इस समस्या को जड़ से कम किया जाए। इसके साथ ही, सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन ने 1 लाख से अधिक पेड़ लगाने का लक्ष्य है।”
कार्यक्रम में माताजी गीता अग्रवाल, सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक रवि अग्रवाल और डायरेक्टर निखिल अग्रवाल के एमिटी यूनिवर्सिटी हरियाणा के 100 से अधिक छात्र-छात्राएं सक्रिय रूप से शामिल हुए।
उनके साथ सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन के कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन ने मिलकर पौधारोपण में भाग लिया।
पौधारोपण अभियान नवादा, गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गढ़ी जीपीएस, हसनपुर, गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मो. अहीर गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, राठीवास गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तावडू गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सराय, जीएमएस, डिंगरहेरी जीएमएस, बिसार अकबरपुर गवर्नमेंट मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चलाया गया।
सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल साक्षरता और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में निरंतर कार्यरत है। फाउंडेशन ने प्रोजेक्ट पाठशाला, आरोग्याराइज, जागरूक बेटी- स्वस्थ बेटी, रूट्स फॉर चेंज और टेक उड़ान जैसी पहलों के माध्यम से अब तक 80,000 से अधिक लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाने का काम किया है।



