
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और पूर्व विधायक जाकिर हुसैन ने किया जनसभा को संबोधित
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 24 फरवरी। गुरुग्राम की जामा मस्जिद में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा के कदावर नेता एवं राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा ने हर वर्ग का समान रूप से विकास किया है। यही कारण है कि आज मुस्लिम समाज भी पूरी तरह से भाजपा की नीतियों को अपना रहा है। आज जामा मस्जिद में उमड़े मुस्लिम समाज ने साफ कर दिया है कि वह भाजपा के प्रत्याशियों का पूरी तरह से समर्थन करते हैं। उन्होंने जामा मस्जिद से ऐलान कर दिया कि वे गुरुग्राम की मेयर के रूप में राज रानी मल्होत्रा को ही विराजमान करेंगे। सुभाष बराला ने कहा कि भाजपा ने देश में 10 साल तक हर वर्ग का समान रूप से विकास किया है। यही कारण है कि भाजपा को हर कोई पसंद करता है।
वहीं, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक जाकिर हुसैन ने कहा कि भाजपा ने 36 बिरादरी के लिए पूरे देश में इतना विकास कार्य किया है कि लोगों के मन से यह धारणा समाप्त हो चुकी है कि भाजपा मुसलमानों के खिलाफ काम करती है। जो भी विकास की योजनाएं आई हैं उन योजनाओं का लाभ हर वर्ग को मिला है। आज देश और प्रदेश में हो रहे विकास के बाद हर व्यक्ति भाजपा से ही जुड़ना चाहता है। गुरुग्राम का मुस्लिम समाज इस चुनाव में भाजपा को ही वोट करके जीत दिलाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अगर मुस्लिमों की दुश्मन होती तो आज वह भाजपा में उंचे पद पर न होते। भाजपा ने पूरे मुस्लिम समाज को सम्मान दिया है।
वहीं, गुरुग्राम मेयर प्रत्याशी राज रानी मल्होत्रा के पक्ष में वोटों की अपील करने आए राज रानी मल्होत्रा के पति तिलक राज मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा ही सभी को साथ लेकर सभी का समान रूप से विकास करती है। मुस्लिम समाज के समर्थन से गदगद हुए तिलकराज मल्होत्रा ने कहा कि अभी देश और प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार चल रही है। मेयर पद पर राज रानी मल्होत्रा की जीत के बाद गुरुग्राम नगर निगम में भी भाजपा की सरकार बनेगी और यह ट्रिपल इंजन सरकार बनकर विकास की नई गाथा लिखेगी। इस अवसर पर भाजपा के कई कदावर नेता मौजूद थे। जामा मस्जिद में पहुंचने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने भाजपा नेताओं का जोरदार स्वागत किया और आश्वस्त किया कि 2 मार्च को वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में भाजपा प्रत्याशियों को वोट देकर जीत का सेहरा पहनाएंगे।