विपक्ष की नेता आतिशी ने सत्ता पक्ष पर लगाया फोटो हटाने का आरोप
नई दिल्ली, 24 फरवरी।दिल्ली की 8वीं विधानसभा का पहला सत्र आज हंगामे के साथ शुरू हुआ। विपक्ष की नेता आतिशी ने सत्ता पक्ष की भाजपा सरकार पर बाबा साहेब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की फोटो हटाने का आरोप लगाया। उन्होंने ‘भाजपा की दलित विरोधी बताया और कहा, इससे उसकी मानसिकता उजागर होती है। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के हर दफ्तर में बाबा साहेब अंबेडकर और शहीद भगत सिंह की फोटो लगाई थी। जब से भाजपा सत्ता में आई है, मुख्यमंत्री कार्यालय से इन दोनों महापुरुषों की फोटो हटा दी हैं। इससे पता चलता है कि भाजपा दलित विरोधी, सिख विरोधी पार्टी है।
विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर अरविंदर सिंह लवली ने कार्यवाही शुरू कराई। सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधानसभा में शपथ ली। फिर एक-एक कर नवनिर्वाचित विधायकों ने शपथ ली । इस दौरान विजेंद्र गुप्ता दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उनके नाम का प्रस्ताव सदन में रखा। इसके बाद विजेंद्र को स्पीकर चुना गया। विधानसभा में हंगामे के बीच कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।
आतिशी ने मुख्यमंत्री कार्यालय से डॉ. भीमराव अंबेडकर और शहीद भगत सिंह के चित्र हटाए जाने का मुद्दा उठाते हुए कड़ी नाराजगी जताई है। इसके बाद आप विधायकों ने नारेबाजी करनी शुरू कर दी। वहीं आप विधायक अनिल झा धन्यवाद प्रस्ताव पर नहीं बोले। दिल्ली भाजपा ने अपने एक्स अकाउंट पर एक फोटो साझा की है, जिसमें एक दीवार डॉ. बीआर आंबेडकर और शहीद भगत सिंह का चित्र लगा हुआ है। साथ ही लिखा है कि ‘दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता एवं सभी मंत्रियों के कक्ष में श्रद्धेय महात्मा गांधी, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर, भगत सिंह, महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चित्र सुशोभित हैं।’

संबंधित कहानियां


