Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 20 जून। सोशल मीडिया पर जल्द फेमस होने के लिए आज के युवा अपनी जान जोखिम में डाल खतरनाक से खतरनाक स्टंट करने में भी नहीं हिचक रहे हैं। वहीं, इन युवाओं को स्टंटबाजी के लिए गुरुग्राम ज्यादा भाने लगा है। जिस वजह से यहां के स्टंटबाजी के वीडियो आए दिन सोशल मीडिया पर जारी हो रहे हैं। एक ऐसा ही वीडियो फिर से सामने आया है जिसमें तेज रफ्तार काले रंग की स्कॉर्पियो कार की सनरूफ पर दो युवक ड्रिंक करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडिया में दो युवक काले रंग स्कॉर्पियो कार की सनरूफ से बाहर निकलकर छत पर बैठे ड्रिंक करते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं वे साथ में चल रही एक काले रंग की स्कॉर्पियो के साथ खतरनाक रेस लगाते भी नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने ना केवल अपनी जान जोखिम में डाली, बल्कि साथ चल रहे अन्य वाहन सवार की जान भी जोखिम में डाली। काले रंग की इस कार के शीशे भी पूरी तरह से काले थे। कार की आगे वाली नंबर प्लेट गायब थी और तेज पंजाबी गानों की धुन बज रही थी।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और सोशल मीडिया पर उपलब्ध जानकारी के आधार पर कार और युवकों की पहचान करेगी।



