
मेयर पद का नामांकन पत्र भरवाने पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
उदय भान ने भाजपा को जमकर कोसा
भाजपा ने फरीदाबाद को गंदगी के ढेर में बदला
झुग्गियों पर चल रहा भाजपाई बुलडोजर
फरीदबाद (अजय वर्मा), 17 फरवरी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदय भान ने आज भाजपा पर जमकर निशाना साधा। फरीदाबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी लता चंदीला की नामांकन प्रक्रिया में शामिल होने आए उदय भान ने कहा कि भाजपा की जीत से गरीब तबाह हो जाएगा। उन्होंने भाजपा को जमकर कोसते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी कहे जाने वाला फरीदाबाद आज हर तरफ गंदगी से बेजार है। तीन साल से निगम चुनाव से भाग रही भाजपा के पास उपलब्धियों के नाम पर केवल घोटाले, गंदगी, ठप्प सीवरेज व्यवस्था, पेयजल की समस्या, झुग्गियों पर बुलडोजर का कहर ही हैं। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में जनता भाजपा को अच्छा सबक सिखाएगी।
लता चंदीला का सेक्टर 12 लघु सचिवालय में नामांकन पत्र दाखिल करवाने के बाद उदय भान ने नगर निगम चुनाव पर चर्चा की। वहीं, भाजपा को जमकर कोसा और कहा कि अगर फरीदबाद नगर निगम चुनाव में भाजपा आती है तो गरीब तबका तबाह हो जाएगा। उदय भान ने कहा कि नगर निगम मेयर चुनाव को लेकर लोगों में भारी उत्साह है और भाजपा पिछले तीन साल से नगर निगम चुनाव को लेकर भाग रही थी। क्योंकि जो हालत फरीदाबाद की बनाकर रखी थी और इसे स्मार्ट सिटी कहा करते थे, आज वहां गंदगी के ढेर लगे हुए हैं, सीवरेज व्यवस्था पूरी तरह से ठप्प पड़ी हुई है, पीने का पानी नही है, 200 करोड़ के घोटाले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कहती थी जहां झुग्गी, वहीं घर, लेकिन आज जहां झुग्गी है वहां भाजपा का बुलडोजर मिलता है। इसलिए लोगों को नगर निगम चुनाव का इंतजार था और इस नगर निगम के चुनाव में लोग भाजपा को सबक सिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि चुनाव के समय फ्री राशन देने का वायदा भाजपा ने लोगों से किया था और आज लोगों के राशन कार्ड काटने मंे लगे हैं। जिसके तहत हरियाणा के अंदर भाजपा सरकार 32 लाख लोगों के राशन कार्ड काटने जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर नगर निगम में भाजपा आई तो गरीब तबका तबाह हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार फरीदाबाद नगर निगम में 46 में से 42 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं और चार सीटें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए छोड़ी हैं, जो जीतेगा वह हमारा ही होगा।