
file photo source: social media
Bilkul Sateek News
चंडीगढ़, 15 जनवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव और राज्य में मतदाता सूचियां अभी फाइनल नहीं होने की वजह से हरियाणा नगर निकाय चुनाव एक बार फिर आगे खिसक कर मार्च में हो सकते हैं। पहले इन चुनावों की फरवरी तक होने की संभावना थी। राज्य में 34 निकायों के चुनाव होने हैं। जिनमें 8 नगर निगम, 4 नगर परिषद और 22 नगर पालिकाएं शामिल हैं। ऐसी संभावना है 8 फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम घोषित होने के बाद कभी भी राज्य में नगर निकाय चुनावों का बिगुल बज सकता है।
राज्य चुनाव आयुक्त धनपत सिंह ने बताया है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया में लगभग 25 दिन का समय लग जाएगा। ऐसे में उम्मीद है कि मार्च में नगर निकाय के चुनाव हो सकते हैं। उन्होंने तर्क दिया कि अलग-अलग दलों के पार्टी कैडर की बड़ी संख्या में 5 फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव में व्यस्त रहेंगे। इसलिए 8 फरवरी के बाद ही निकाय चुनाव की घोषणा की जाएगी।
निकाय चुनाव एक चरण में संपन्न हो, इसको लेकर हरियाणा सरकार पहले ही मंथन कर चुकी है। सरकार ने एक मामले की सुनवाई के दौरान पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट को भरोसा दिलाया था कि जनवरी के आखिरी या फरवरी के पहले सप्ताह में निकाय चुनाव हो जाएंगे।
हरियाणा में 20 जनवरी को 26 निकायों की मतदाता सूची का फाइनल ड्राफ्ट जारी होने की संभावना हैं। वहीं, दूसरी ओर रोहतक, हिसार और थानेसर नगर निगम की मतदाता सूची का काम 15 जनवरी और करनाल नगर निगम की मतदाता सूची का काम 28 जनवरी तक पूरा कर लिया जाएगा।