
Bilkul Sateek News
चंडीगढ़: पंचकूला के सेक्टर-25 स्थित मोगीनंद पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक चल रही है। बैठक में मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, गृह विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव सुमिता मिश्रा, पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर समेत कई पुलिस अधिकारी बैठक में मौजूद हैं।
तीन नए कानूनों को लागू करने को लेकर यह बैठक अहम मानी जा रही है। इसके अलावा गृह विभाग भी मुख्यमंत्री ने अपने पास रखा है। ऐसे में प्रदेश में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को लेकर भी सीएम अधिकारियों से जानकारी लेंगे। आने वाले दिनों बजट सत्र भी होना है। उस लिहाज से भी इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसके अलावा संगठित अपराध के मुद्दे पर प्रदेश स्तर पर अपनाई जानी वाली रणनीति को भी पुलिस विभाग द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी। इस सबसे अहम इस बैठक में नए आपराधिक कानूनों को लागू करने की दिशा में अब तक पुलिस द्वारा की गई तैयारियों पर एक रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष पेश की जाएगी।
हरियाणा में अगले महीने से नए आपराधिक कानूनों को भी लागू किया जाएगा। हरियाणा पुलिस इसके लिए कर्मचारियों की लगातार बैठकों का आयोजन कर रही है।पुलिस थानों व चौकियों तक कर्मचारियों को नए आपराधिक कानूनों के बारे में जानकारी देने के लिए कार्यक्रम किए जा रहे हैं।
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर खुद इसे मॉनिटर कर रहे हैं। नए आपराधिक कानूनों को लागू करने के लिए अब तक किए गए कार्यों के बारे में भी एक रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष पेश की जाएगी।