
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्य सचिव विवेक जोशी को भारतीय निर्वाचन आयोग में निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया है। जोशी ने नवंबर 2024 में हरियाणा के मुख्य सचिव का कार्यभार संभाला था और अब उन्हें इस नई अहम जिम्मेदारी के लिए चुना गया है।
कानून मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, विवेक जोशी निर्वाचन आयोग के नए सदस्य होंगे और अपने कार्यकाल के दौरान देश में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में अहम भूमिका निभाएंगे।
हरियाणा कैडर के 1989 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी जोशी का प्रशासनिक अनुभव व्यापक रहा है। उन्होंने राज्य और केंद्र सरकार में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। उनके निर्वाचन आयुक्त बनने से हरियाणा प्रशासन में भी बदलाव होना तय है। राज्य सरकार को नए मुख्य सचिव की नियुक्ति करनी होगी।