Bilkul Sateek News
रेवाड़ी, 5 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आर.एस.एस.) द्वारा रेवती उपनगर में भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। संघ की परंपरा के अनुरूप यह कार्यक्रम अनुशासन, संगठन और राष्ट्रभक्ति का सशक्त प्रदर्शन रहा। इस अवसर पर स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासित पंक्तियों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरे। नगरवासियों ने इस पथ संचलन को देखकर न केवल संगठन की शक्ति का अनुभव किया, बल्कि समाज में एकता और सद्भाव का सशक्त संदेश भी प्राप्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 7.30 बजे सैनी स्कूल रेवाड़ी से किया गया। मार्ग में शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र स्वयंसेवकों की दृढ़ चाल, अनुशासनबद्ध कदम और राष्ट्रगीतों की धुन थी। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के स्वयंसेवकों ने एक साथ कंधे से कंधा मिलाकर भाग लिया और राष्ट्रहित के प्रति अपने संकल्प को प्रकट किया।
इस विशेष अवसर पर संघ द्वारा आयोजित उत्सव सभा भी रखी गई, जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में अजय मित्तल उपस्थित रहे। उन्होंने संघ की विचारधारा, राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों की भूमिका तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य अतिथि के रूप में अनिल भार्गव, अध्यक्ष भार्गव सभा-प्रख्यात-उद्योगपति एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। उन्होंने सामाजिक समरसता, शिक्षा और संस्कृति के माध्यम से राष्ट्र को सशक्त बनाने के मुद्दों पर प्रकाश डाला। उन्होंने संघ की गतिविधियों और रेवाड़ी में चल रहे सेवा कार्यों के विषय में संक्षिप्त विवरण दिया तथा समाज के सभी वर्गों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
पथ संचलन का उद्देश्य केवल एक अनुशासनबद्ध प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह एक जीवंत संदेश है कि संगठित समाज ही मजबूत राष्ट्र की नींव रख सकता है। आज के दौर में जब समाज अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है, तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का यह आयोजन हमें एकजुट रहने और अपनी परंपराओं, संस्कृति तथा मूल्यों के संरक्षण की प्रेरणा देता है। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने देशभक्ति गीतों के माध्यम से वातावरण को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ विगत कई दशकों से समाज जीवन के विविध क्षेत्रों में सेवा, संस्कार और संगठन का कार्य कर रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्राम विकास, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में संघ के स्वयंसेवक सदैव सक्रिय रहते हैं। रेवाड़ी में आयोजित यह संघ का कार्यक्रम संघ की इन्हीं सेवाभावी गतिविधियों का प्रतीक है और नगरवासियों को यह विश्वास दिलाता है कि एक संगठित समाज ही चुनौतियों का सामना कर सकता है और आत्मनिर्भर राष्ट्र के निर्माण में योगदान दे सकता है।
नगरवासियों ने इस पथ संचलन के मार्गों पर उपस्थित होकर स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया। समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता से यह आयोजन और अधिक प्रभावशाली एवं सफल रहा। यह अवसर न केवल देखने योग्य था, बल्कि इसमें निहित संदेश को जीवन में उतारना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इस अवसर पर रेवाड़ी नगर के नगर कार्यवाह बलराज उपस्थित रहे और उन्होंने बताया कि इस प्रकार का ही कार्यक्रम रेवाड़ी के दूसरे उपनगर हेमचंद विक्रमादित्य में पार्वती स्कूल कुतुबपुर में भी आयोजित किया गया। जिसमें दोनों नगरों के 600 से अधिक संघ कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस अवसर पर एक उपनगर में आरएसएस के सह प्रांत संपर्क प्रमुख सुरेश पाल ने कार्यकर्ताओं और समाज के बंधुओें को संबोधित किया। हेमचंद विक्रमादित्य उपनगर में अध्यक्ष स्वामी रूप सनातन दास, प्रभारी इस्कॉन केंद्र रेवाड़ी और मुख्य अथिति दिनेश गोयल निदेशक क्पदबव मोटर रेवाड़ी की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने संघ की समाज में भूमिका पर प्रकाश डाला।
संघ के जिला प्रचार प्रमुख योगेश त्यागी ने बताया कि इस अवसर पर संघ से पारस, विवेक सैनी और देवेश सह प्रचार प्रमुख मंजीत भी उपस्थित रहे।



