Bilkul Sateek News
हिसार, 2 जनवरी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत आज 25 जरूरतमंद मरीजों के आंखों के मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन करवाए गए। इस अवसर पर वित्त निदेशक रतन कुमार वर्मा ने निगम के अधिकारियों एवं सदस्यों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर प्रभु वंदना की तथा सभी ऑपरेशनों की सफलता हेतु प्रभु-परमात्मा से प्रार्थना की।
निगम द्वारा इन 25 लाभार्थियों के ऑपरेशन से संबंधित समस्त व्यय वहन किया गया। डीएचबीवीएन द्वारा अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के निर्वहन के अंतर्गत यहां 125 मोतियाबिंद ऑपरेशन करवाए जाएंगे। इन सभी ऑपरेशनों का संपूर्ण खर्च निगम द्वारा वहन किया जाएगा।

इस अवसर पर डीएचबीवीएन के कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व प्रकोष्ठ के सदस्य, मुख्यालय के फाइनेंशियल एडवाइजर नरेश मेहता, अधीक्षण अभियंता फहीम रजा नकवी, एस.के. सिंह, विजेंद्र लांबा, मेडिकल ऑफिसर डॉ. सौरभ दहिया, कार्यकारी अभियंता रविंद्र कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएचबीवीएन के प्रवक्ता ने बताया कि निगम का यह प्रयास समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक सराहनीय और जनकल्याणकारी पहल है।



