
Bilkul Sateek News
जींद, 16 मार्च। हरियाणा के जींद जिले में छोटी होली पर एक मासूम का अपहरण कर उसकी हत्या कर लाश नहर में फेंक दी गई। पुलिस ने मासूम के अपहरण और हत्या के आरोप में चाचा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अपहरण और हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है। शव का पोस्टमॉर्टम नरवाना नागरिक अस्पताल में कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल दहला देने वाली घटना उचाना में हुई। यहां छातर गांव में बृहस्पतिवार को मासूम यश गली में खेल रहा था। इसी दौरान दो बाइक सवारों ने उसका अपहरण कर लिया। पिता अमित ने बताया कि उन्होंने बाबा मनसा नाथ मंदिर तक अपहरणकर्ताओं का पीछा किया, लेकिन तेज रफ्तार बाइक को वे पकड़ नहीं पाए। इसके बाद उन्होंने उचाना थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस तुरंत यश को बचाने के अभियान में जुट गई। इस दौरान पुलिस को पता चला कि अपहरणकर्ता यश को थूआ गांव के रास्ते ले गए हैं। बाद में यश की लाश बडनपुर के पास नहर से बरामद हुई।
थाना प्रभारी कुलदीप के अनुसार जांच के दौरान यश के चाचा सोनू की संलिप्तता सामने आई। जिसके बाद यश के चाचा को गिरफ्तार कर लिया गया। यश के चाचा सोनू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसे तीन दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। हालांकि अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि सोनू ने अपने भतीजे यश का अपहरण और हत्या क्यों करवाई।