
मानेसर नगर निगम के वरिष्ठ उप महापौर, उप महापौर के चुनाव निर्विरोध रूप से संपन्न
प्रवीण यादव बने वरिष्ठ उप महापौर, उप महापौर के लिए रीमा चौहान के नाम पर बनी सहमति
Bilkul Sateek News
मानेसर, 5 अगस्त। नगर निगम मानेसर के वरिष्ठ उप महापौर और उपमहापौर के चुनाव आज संपन्न हुए। चुनाव की खास बात यह रही कि दोनों पदों का चुनाव निर्विरोध हुआ। वार्ड 12 के पार्षद प्रवीण यादव वरिष्ठ उप महापौर और वार्ड 2 की पार्षद रीमा चौहान को उप महापौर चुना गया। बैठक में कुल 15 पार्षद शामिल रहे, जिनमें 3 नामित पार्षद भी मौजूद रहे। इस दौरान हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे।
चुनाव के बाद उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नगर निगम मानेसर के दो पदों के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए हैं। दोनों ही पदों के चुनाव पर पार्षदों ने एकजुटता दिखाते हुए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को निर्विरोध वरिष्ठ उप महापौर और उप महापौर बनाया है। राव ने कहा कि यह चुनाव पारदर्शी और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न हुए हैं, जिसमें पार्षदों ने अनुशासन और एकजुटता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि निर्विरोध निर्वाचन लोकतांत्रिक मूल्यों की दृढ़ता और संगठनात्मक एकता का प्रतीक है।
कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने नवनिर्वाचित वरिष्ठ उपमहापौर एवं उपमहापौर को हार्दिक शुभकामना दी। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा भारतीय जनता पार्टी द्वारा विकास के क्षेत्र में स्थापित उन मानकों की जीत बताया, जिनमें अंत्योदय – समाज के अंतिम व्यक्ति के उत्थान को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले पांच वर्षों में नगर निगम मानेसर की यह नई टीम क्षेत्र में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए निगम की भूमिका अहम होगी, सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने नवनिर्वाचित वरिष्ठ उप महापौर और उपमहापौर को बधाई व शुभकामना देते हुए कहा कि अब निगम के सदन की संख्या पूरी हो गई है। मानेसर नगर निगम क्षेत्र को सदन के साथ मिलकर बेहतर निगम बनाने का काम करेंगे। मानेसर की मेयर डॉ. इंद्रजीत कौर यादव स्वास्थ्य कारणों से बैठक में उपस्थित नहीं हो सकी। उनकी अनुपस्थिति में पार्षदों ने वार्ड 6 के पार्षद बाल किशन को अपना अध्यक्ष चुना और बाल किशन की अध्यक्षता में चुनाव संपन्न हुए।
चुनाव के लिए मंगलवार को सुबह 10 बजकर 45 मिनट से साढ़े 11बजे तक नामांकन पत्र दाखिल करने का समय निर्धारित था। इस दौरान 12 पार्षदों में से दोनों पदों के लिए एक-एक पार्षद ने ही रिटर्निंग अधिकारी और निगम के अतिरिक्त आयुक्त जितेंद्र कुमार के समक्ष नामांकन पत्र दाखिल किया। वार्ड 12 के पार्षद प्रवीण यादव ने वरिष्ठ उप महापौर और वार्ड 2 की पार्षद रीमा चौहान ने उप महापौर के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। प्रवीण यादव का नाम पार्षद मनोज ने प्रस्तावित किया और पार्षद दयाराम ने नाम का अनुमोदन किया। इसी प्रकार रीमा चौहान का नाम पार्षद रीपू शर्मा ने प्रस्तावित किया और पार्षद कंवरपाल ने अनुमोदन किया। किसी अन्य पार्षद ने इन पदों के लिए आवेदन नहीं किया। सभी पार्षदों ने इन दोनों नामों को निर्विरोध चुन लिया।
इस दौरान नगर निगम के संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार, संयुक्त आयुक्त लोकेश यादव, वार्ड 3 की पार्षद रूचि कौशिक, वार्ड 4 के पार्षद रीपू शर्मा, वार्ड 5 के पार्षद दिनेश यादव, वार्ड 6 के पार्षद बाल किशन, वार्ड 7 के पार्षद कंवर पाल, वार्ड 9 की पार्षद ज्योति वर्मा, वार्ड 11 के पार्षद मनोज, वार्ड 14 की पार्षद संगीता, वार्ड 16 के पार्षद दयाराम, वार्ड 17 की पार्षद सुमन कुमारी, नामित पार्षद सत्यदेव शर्मा, शेर सिंह चौहान, किरोड़ी तंवर सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।