Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 21 अक्टूबर। गुरुग्राम में आज एक गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। 30 वर्षीय युवक 17 अक्टूबर को एक थ्री व्हीलर से गिर गया था। युवक के गिरने के बाद थ्री व्हीलर चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात थ्री व्हीलर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान सोहना निवासी 30 साल के ऋषि के रूप में हुई है, जो टैक्सी चलाने का काम करता था। ऋषि 17 अक्टूबर को सोहना के अलीपुर गांव के पास थ्री व्हीलर से गिरकर घायल हो गया था। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उसने आज दमतोड़ दिया।
हादसे के वक्त ऋषि गुरुग्राम से थ्री व्हीलर में सवार होकर अपने घर सोहना लौट रहा था। अलीपुर गांव के पास वाहन से गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद थ्री व्हीलर चालक मौके से फरार हो गया था।
राहगीरों ने घायल ऋषि को तुरंत गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे आईसीयू में रखा गया था। जहां पर आज उसकी मौत हो गई। पिता राजकुमार ने बताया कि ऋषि टैक्सी चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत से परिवार सदमे में है। ऋषि अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं।
जांच अधिकारी एएसआई प्रमोद ने बताया कि अज्ञात थ्री व्हीलर चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ऋषि के शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।



