
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 23 अप्रैल। फरीदाबाद में देररात श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार मिनी बस ने खड़े ट्रक को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिसमें 8 लोग घायल हो गए। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। घायलों को बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा केजीपी एक्सप्रेस-वे पर गांव छायसा के पास देररात करीब 3 बजे हुआ। बस पंजाब के जालंधर से वृंदावन जा रही थी। बस पूरी तरह से श्रद्धालुओं से भरी हुई थी। माना जा रहा है कि हादसे का कारण चालक को नींद की झपकी आना हो सकता है। हादसे की सूचना मिलते ही छायसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस के अंदर से घायलों को निकाला। जिसके बाद सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया।