Image Source : Social Media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 दिसंबर। गुरुग्राम की हाई प्रोफाइल अल्ट्रा लग्जरी डीएलएफ कमेलियाज सोसाइटी में फर्जी प्रॉपर्टी को बेचकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की इंटर स्टेट सेल ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने कमेलियाज की एक फर्जी प्रॉपर्टी को बेचकर बिजनेसमैन से 12.04 करोड़ रुपये की ठगी की थी।
मुख्य आरोपी का नाम मोहित गोगिया है। मोगिया अपने 4 साथियों विशाल मल्होत्रा, सचिन गुलाटी, भारत छाबड़ा और अभिनव पाठक के साथ सिंडिकेट बनाकर फर्जी एसबीआई बैंक ऑक्शन दस्तावेज दिखाते हैं और पीड़ितों को लग्जरी प्रॉपर्टी सस्ते दामों में दिलाने का झांसा देते थे। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह दिल्ली, पंजाब और गोवा समेत कई राज्यों में 200 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी कर चुका है। इस मामले में फरार मास्टरमाइंड राम सिंह उर्फ बाबाजी की तलाश की जा जारी है।
आरोपियों के खिलाफ दिल्ली, पंजाब, मध्य प्रदेश और गोवा आदि में कुल 14 मामले दर्ज हैं। ठगी की रकम से खरीदी गई दो स्कॉर्पियो गाड़ियां भी बरामद की गई हैं, जिनका उपयोग फरार आरोपी राम सिंह अपने पायलट और एस्कॉर्ट गाड़ी के रूप में करता था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मोहित गोगिया ने अन्य के साथ मिलकर सह-आरोपी भारत छाबड़ा के लैपटॉप पर फर्जी मॉर्टगेज और सेल दस्तावेज बनाए और बाजार से कम कीमत पर प्रीमियम प्रॉपर्टी का लालच देकर पीड़ितों को फंसाया। ठगी की रकम को कई बैंक खातों, फर्मों और व्यक्तियों के माध्यम से लेयरिंग कर ट्रेल छिपाया गया। खाते उपलब्ध कराने और निकासी में मदद करने वालों को कमीशन भी दिया गया।
तकनीकी निगरानी और मैनुअल खुफिया जानकारी के आधार पर मोहित गोगिया को मुंबई से उत्तराखंड की ओर भागते हुए ट्रेस किया गया। उसे ऋषिकेश-देहरादून रोड पर दोईवाला के पास से पकड़ा गया। पुलिस अब फरार मास्टर माइंड रामसिंह की तलाश कर रही है।



