Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 23 अक्टूबर। गुरुग्राम पुलिस ने मंदिर से अष्टधातु से बनी प्रतिमा, दानपात्र व 4 चांदी के मेरु चोरी करने वाले 2 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस ने उनके पास से चोरी हुई 1 अष्ट धातु की मूर्ति, 1 दानपात्र, 4 चांदी के मेरु व वारदात में प्रयोग को गई 1 बाइक बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17-18 की रात को जैन मंदिर फर्रुखनगर से 1 दानपात्र, अष्टधातु की बनी 1 प्रतिमा और 4 चांदी के बने मेरु चोरी हो गए। जिसकी शिकायत 18 अक्टूबर को दर्ज करवाई गई।
अपराध शाखा फर्रुखनगर की टीम ने इस मामले में 2 आरोपियों को पकड़ा। जिनकी पहचान गौरव (उम्र-19 वर्ष) निवासी फर्रुखनगर जिला गुरुग्राम और आतिश (उम्र-22 वर्ष) निवासी कनीना जिला महेंद्रगढ़ (हरियाणा) के रूप में हुई। पुलिस ने गौरव को 21 अक्टूबर को फर्रुखनगर से गिरफ्तार किया और अदालत में पेश करके 1 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया। आतिश को कल कनीना महेंद्रगढ़ से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आतिश गुरुग्राम में दिहाड़ी मजदूरी का काम करता है। उन्होंने साजिशानुसार महिलाओं वाले वस्त्र (सलवार) पहनकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया, ताकि ये पुलिस को गुमराह कर सके। चोरी करने के बाद उन्होंने वारदात को अंजाम देने में प्रयोग किए गए वस्त्रों (महिलाओं वाले) को आग लगाकर जला दिया था।
पुलिस द्वारा गौरव को 1 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड के उपरांत आज फिर से न्यायालय के पेश करके न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। आरोपी आतिश को भी आज न्यायालय में पेश करके 1 दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



