file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 दिसंबर। गुरुग्राम में चोरी के मामले में गिरफ्तार किए गए एक आरोपी ने हवालात में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आरोपी के खिलाफ पहले भी 8 मामले दर्ज हैं। आरोपी 4 मामलों में कोर्ट से सजायाफ्ता था। इस मामले में न्यायिक जांच के लिए जज को नियुक्त कर दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराध शाखा फरुखनगर पुलिस टीम ने अभियोग संख्या 266/2025, धारा 305, 331(4) BNS, थाना फरुखनगर में वांछित आरोपी आसिफ (उम्र-22 वर्ष) निवासी रामपुरा भिवाड़ी (राजस्थान) को फरुखनगर मोड़ गुरुग्राम से गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तारी के उपरांत आरोपी को अपराध शाखा फरुखनगर में रखा गया। इसी दौरान कल दोपहर करीब 3.45 बजे आरोपी ने रोशनदान के जंगले में रजाई का कवर फाड़ कर (सर्दी में ओढ़ने के लिए दी गई थी) से फांसी लगा ली। पुलिस तुरंत आरोपी को अस्पताल लेकर गई तो डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा मौके पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मजिस्ट्रेटी जांच के लिए सक्षम प्राधिकारी को सूचना दी गई। पंचनामा/इनक्वेस्ट की कार्रवाई नियमानुसार की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है तथा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया कानून के अनुसार कराई जाएगी।
नियुक्त न्यायिक जज द्वारा घटना से संबंधित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। इस घटना को लेकर मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है और जांच पूरी होने के पश्चात आवश्यक तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 से अभी तक चोरी करने का 1 अभियोग दिल्ली में, 3 अभियोग फरीदाबाद में व 4 अभियोग जिला गुरुग्राम सहित कुल 8 अभियोग अंकित है। आरोपी को 4 अभियोगों में अदालत द्वारा सजा भी सुनाई गई थी।




