Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस ने अपराधिक पृष्ठभूमि वाले अपराधियों पर तथा उनके द्वारा अपराधों से अर्जित की गई संपति पर बुलडोजर चलाकर कड़ा प्रहार किया है। गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों द्वारा 7 स्थानों पर किए गए अवैध कब्जा/अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाकर प्रभावी कार्रवाई की है। पुलिस ने पहले अपराधिक पृष्ठभूमि वाले अपराधियों तथा उनकी संपति का ब्लूप्रिंट तैयार किया, फिर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनपर बुलडोजर चलाया।
पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा के मार्गदर्शन में गुरुग्राम पुलिस द्वारा दिसंबर में ऐसे अपराधियों का खाका/ब्लूप्रिंट तैयार किया गया, जिनकी अपराधिक पृष्ठभूमि रही है तथा उनके द्वारा अपराधों में संलिप्त रहते हुए अवैध रूप से संपति अर्जित की गई थी। साथ ही अर्जित की संपत्ति का प्रयोग भी अपराधिक कार्यों में करके अपनी अपराधिक व आर्थिक स्थिति मजबूत कर रहे थे। उनके द्वारा इस दौरान सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा व अवैध रूप से बिल्डिंग/मकानों के निर्माण भी किए गए थे। पुलिस द्वारा बार-बार उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेजने के बाद भी वे कानून के नियमों का फायदा उठाकर जेल से बाहर आते हैं और फिर से अपराधों (चोरी, नशा तस्करी, अवैध शराब बिक्री, हथियारबंदी एवं अन्य संगीन अपराध) को अंजाम देने में सक्रिय हो जाते हैं।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा चिन्हित किए गए अपराधियों के खिलाफ विभिन्न साक्ष्य, जानकारी व उनके अपराधिक रिकॉर्ड को आधार उनके द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति/अवैध कब्जा को हटाने के लिए संबंधित विभाग से संपर्क किया गया तथा ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त करवाकर संबंधित विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में नियमानुसार अपराधियों के अवैध निर्माण व अवैध कब्जा पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्त किया गया।
इस माह दिसंबर में गुरुग्राम पुलिस द्वारा अपराधिक पृष्ठभूमि वाले अपराधियों पर तथा उनके द्वारा अपराधों से अर्जित की गई संपति व अवैध कब्जा पर बुलडोजर चलाकर की गई कार्यवाही का विवरण…
1. पुलिस थाना बादशाहपुर द्वारा 15.12.2025 को 2 आरोपी भाइयों के विरुद्ध की गई कार्रवाई…
रवि और नरेंद्र उर्फ टिल्लू दोनों पुत्र शेर सिंह निवासी रविदास मोहल्ला बदशाहपुर। दोनों सगे भाई हैं और थाना बदशाहपुर के बीसी/10 नंबरी की श्रेणी के अपराधी है। इनके द्वारा एमसीजी की भूमि पर अवैध रूप से बनाई गई व्यावसायिक मार्केट को ध्वस्त किया गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम व अन्य गंभीर अभियोग दर्ज हैं।
2. पुलिस थाना भौंडसी द्वारा 22.12.2025 को 1 आरोपी के विरुद्ध की गई कार्रवाई…
पुलिस थाना भौंडसी का 10 नंबरी/हिस्ट्रीशीटर अपराधी नरेंद्र उर्फ सोनू राठी (उम्र-39 वर्ष) निवासी गांव अलीपुर। सोनू राठी 2011 से संगीन अपराधों की वारदातों को अंजाम देने में संलिप्त है। और इसके खिलाफ हत्या, हत्या करने के प्रयास, गैंगवार, रंगदारी/फिरौती व संगठित अपराधों सहित करीब 2 दर्जन मामले गुरुग्राम में दर्ज हैं। उसके द्वारा अपराध से संपत्ति अर्जित करके गांव अलीपुर में अवैध रूप से मकान का निर्माण किया हुआ था, जिसे पुलिस टीम द्वारा डीटीपी के सहयोग से ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में तुड़वाया गया।
3. पुलिस थाना सेक्टर-37 द्वारा 23.12.2025 को 1 आरोपी के विरुद्ध की गई कार्रवाई…
आरोपी/अपराधी रिक्की (उम्र-29 वर्ष) पुत्र मदन हलवाई निवासी गांव खांडसा थाना सेक्टर-37। लड़ाई-झगड़ा, लोगों में भय उत्पन्न करने, हत्या, हत्या के प्रयास तथा अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराधों में लगातार रिक्की संलिप्त रहा है। आरोपी शातिर एवं चालाक प्रवृत्ति का है तथा कई बार जेल जा चुका है। वर्तमान में आरोपी अभियोग संख्या 351/10.12.2025 धारा ऑर्म्स एक्ट थाना सेक्टर-50 में जिला जेल भोंडसी में बंद है। फिर भी उसके द्वारा एचएसआईआईडीसी की भूमि पर अवैध कब्जा करके लगभग 100 अस्थाई दुकानें एवं 10 पक्की दुकानें बना रखी थीं। जिनसे यह प्रतिमाह लगभग 5 से 6 लाख रुपये की अवैध वसूली कर रहा था। पुलिस द्वारा संबंधित विभाग के सहयोग से इन अवैध दुकानों को ध्वस्त (तोड़फोड़) किया गया।
4. पुलिस थाना सेक्टर-5 द्वारा 23.12.2025 को 1 आरोपी के विरुद्ध की गई कार्रवाई…
आरोपी मोहित, नवीन, इजहार, राहुल, दीपक, प्रशांत, राहुल व मंजीत सिंह सभी निवासी गुरुग्राम। ये सभी आदतन शराब तस्कर है और इन्होंने थाना सेक्टर-5 के अधिकार क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करके टीन शेड/दुकानें बनाई हुई थी। जिन दुकानों में इनके द्वारा अवैध शराब व मादक पदार्थ बेचे जाते थे। पुलिस टीम द्वारा संबंधित विभाग के सहयोग से आरोपियों द्वारा बनाई गई टीन शेड/दुकानों को ध्वस्त किया गया।
5. पुलिस थाना फर्रुखनगर द्वारा 25.12.2025 को 1 आरोपी के विरुद्ध की गई कार्रवाई…
रजत पुत्र राका, निवासी गांव खेड़ा खुर्मपुर, गुरुग्राम कुख्यात व आदतन अपराधी। पीडब्ल्यूडी की भूमि पर अवैध कब्जा करके बनाए गए होटल को ध्वस्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध हथियार, रंगदारी, मारपीट आदि के 10 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।
6. पुलिस थाना शहर सोहना द्वारा 26.12.2025 को 2 आरोपियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई…
पुलिस थाना शहर सोहना के क्षेत्र का साहिल उर्फ लुक्का, निवासी वार्ड नं. 12, नट कॉलोनी, सोहना (गुरुग्राम)। चोरी व नशे का आदतन अपराधी लुक्का द्वारा सरकारी भूमि पर बनाई गई अवैध झुग्गियों को ध्वस्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध 5 अपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस थाना शहर सोहना के क्षेत्र जावेद कॉलोनी में ताहिरा, पत्नी इरशाद, निवासी वार्ड नं. 12, जावेद कॉलोनी द्वारा नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त थी। नशे की बिक्री से अर्जित धन से बनाए गए दो मंजिला अवैध मकान की बेसमेंट और दुकान को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।
7. पुलिस थाना मानेसर द्वारा 27.12.2025 को 1 आरोपी के विरुद्ध की गई कार्रवाई…
पुलिस थाना मानेसर के क्षेत्र गांव कुकडौला में अपराधी सुधीर पुत्र श्यामलाल निवासी गांव कुकड़ौला जिला गुरुग्राम (हरियाणा) द्वारा अवैध रूप से बनाए गए मकान पर पुलिस थाना मानेसर की पुलिस द्वारा बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कराया गया।
अपराधी सुधीर के खिलाफ हत्या करने का प्रयास, लड़ाई-झगड़ा करने, शस्त्र अधिनियम व एस.सी./एस.टी. इत्यादि अपराधों के कुल 12 मामले दर्ज हैं।
गुरुग्राम पुलिस का यह सख्त अभियान अपराधियों के लिए कड़ा संदेश है कि अपराध करके अर्जित की गई संपत्ति, अवैध कब्जे व गैरकानूनी निर्माण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ कानून के तहत कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना और अपराधियों में भय बना रहे।




