
Bilkul Sateek News
नीलोखेड़ी, 24 मई। पुरानी नीलोखेड़ी में अपनी नानी के घर आए 3 वर्षीय बच्चे की जोहड़ में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने करनाल के कल्पना चावला मैडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुरानी नीलोखेड़ी निवासी मांगे राम ने बताया कि उसकी बहन पूजा मिलने के लिए घर पर आई हुई थी। पूजा का 3 वर्षीय बेटा मयंक कल दोपहर को अचानक खेलते-खेलते गली में निकल गया। जब पूजा उसे लेने गई तो वह गली में नहीं मिला। जिसके बाद सभी उसे काफी देर तक तलाश करते रहे।
इस दौरान मयंक खेल-खेल में घर के ही पास स्थित जोहड़ पहुंच गया। वहां पर उसका पैर अचानक जोहड़ के अंदर चला गया और वह उसमें डूबता चला गया। आसपास कोई नहीं होने की वजह से मयंक के डूबने के बारे में किसी को पता नहीं चला। काफी ढूंढने के बाद मयंक के जोहड़ में डूबने की जानकारी मिली। जिसके बाद तुरंत गोताखोर प्रगट सिंह को मौके पर बुलाया गया। प्रगट सिंह ने जब तक मयंक को जोहड़ से बाहर निकाला, तब तक वह दमतोड़ चुका था। नीलोखेड़ी पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप ने बताया कि बच्चे की मौत जोहड़ में डूबने से हुई है।