
Oplus_131072
फरीदाबाद: इस बार अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेले की स्टेट थीम ओडिशा और मध्य प्रदेश रखी गई है। ओडिशा पवेलियन में कुछ ऐसा देखने को मिला कि दर्शकों की सांसें थम गईं। ओडिशा के कलाकारों ने करीब दो सौ साल पुरानी पारंपरिक मार्शल आर्ट कला का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिसे देख लोग दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गए।
कलाकारों ने जलते अंगारों पर चलते हुए और आग से खेलते हुए अपने कौशल का प्रदर्शन किया। यह दृश्य इतना रोमांचक था कि दर्शकों की तालियां रुकने का नाम नहीं ले रही थीं। खास बात यह है कि ये वही कलाकार हैं, जिन्होंने ‘इंडिया गॉट टैलेंट’ शो में भी इस कला का प्रदर्शन किया था और फाइनल तक का सफर तय किया था।
ओडिशा से आए कलाकार आशीष कुमार साहू ने बताया कि यह कला कई पीढ़ियों से चली आ रही है और इसे जीवंत रखना उनके लिए गर्व की बात है। वहीं, नोएडा से आईं दर्शक रोहिणी ने कहा कि आग के साथ इस तरह का प्रदर्शन करना किसी बड़े साहस और मेहनत का परिणाम होता है।
दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। आयोजन समिति ने बताया कि इस तरह के पारंपरिक कलाओं का मंच प्रदान करना ही सूरजकुंड मेले का मुख्य उद्देश्य है। ओडिशा की इस ऐतिहासिक मार्शल आर्ट ने इस बार मेले की शोभा बढ़ा दी है।