Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 15 अक्टूबर। आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या को लेकर बीके चौक पर सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को जबरदस्त विरोध प्रदर्शन किया।
पूरन कुमार की आत्महत्या ने जहां पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है। वहीं, इस मामले को लेकर अब सफाई कर्मचारियों ने भी अपनी आवाज बुलंद कर दी है। बीके चौक पर सफाईकर्मियों ने सोमवार को जबरदस्त प्रदर्शन किया और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की।
सैकड़ों की संख्या में जुटे सफाई कर्मचारी हाथों में बैनर और पोस्टर लिए बीके चौक पर जमा हुए। उन्होंने नारेबाजी की और आरोप लगाया कि आईपीएस अधिकारी पूरन कुमार के साथ अन्याय हुआ है।
सफाई कर्मचारी प्रधान नरेश शास्त्री ने कहा कि पूर्ण सर हमारे लिए सिर्फ अधिकारी नहीं, बल्कि एक मार्गदर्शक थे। उनकी मौत संदेहास्पद है और हम चाहते हैं कि सरकार इस मामले की सीबीआई जांच कराए।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से यह भी मांग की कि इस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहराई से जांच हो और अगर किसी प्रकार का मानसिक दबाव या षड्यंत्र सामने आता है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
प्रदर्शन के चलते बीके चौक पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।



