मंत्री राजेश नागर ने किया तिगांव विस में कूड़ा डंपिंग यार्ड बनने की अफवाहों का खंडन
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 16 नवंबर। खाद्य आपूर्ति राज्य मंत्री और विधायक राजेश नागर के तिगांव विधानसभा क्षेत्र में कूड़े का डंपिंग यार्ड बनाने की अफवाह के चलते लोगों में पैनिक फैला हुआ है। जिसके चलते आज कई गांवों के सरपंच और सैकड़ों ग्रामीण मंत्री के निवास पर पहुंचे और अपना मांग पत्र सौंपा। लोगों का कहना था कि तिगांव विधानसभा क्षेत्र में कूड़े का डंपिंग यार्ड किसी भी सूरत में नहीं बनना चाहिए, क्योंकि यदि यहां डंपिंग यार्ड बनाया गया तो इलाके में बदबू और बीमारियां फैलेंगी।
वहीं, राजेश नागर ने कहा कि वह लोगों को विश्वास दिलाते हैं कि इस इलाके में कोई भी डंपिंग यार्ड नहीं बनेगा। इसके लिए वह इस विभाग के निकाय मंत्री विपुल गोयल से बात कर चुके हैं और उन्होंने भी कह दिया है कि इस इलाके में डंपिंग यार्ड नहीं बनाएंगे। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव में ड्यूटी के दौरान उन्हें इस बारे में पता चला था और उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाने के लिए अपना बयान रिकॉर्ड करके भी भेजा था और आज भी वह स्पष्ट कर रहे हैं कि ऐसा कोई भी डंपिंग यार्ड उनकी विधानसभा क्षेत्र में नहीं बनेगा। साथ ही लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वह अपने क्षेत्र की जनता के लिए ना तो विधायक हैं ना मंत्री हैं, बल्कि वह उनके भाई और बेटे हैं। इसलिए सभी को निश्चित हो जाना चाहिए की, इस क्षेत्र में कोई भी डंपिंग यार्ड नहीं बनेगा।




