Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 27 जनवरी। देशभर में सरकारी बैंक कर्मियों की हड़ताल का असर गुरुग्राम में भी दिख रहा। तीन दिन के अवकाश के बाद आज चौथे दिन भी सरकारी बैंक बंद रहने से कैश फ्लो पर असर पड़ा है। बैंक उपभोक्ताओं की जरूरी पेमेंट अटकी पड़ी हैं।
राष्ट्रव्यापी हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर की जा रही है। फाइव डे वर्किंग की मांग को लेकर चल रही हड़ताल से बैंकिंग सेवाएं व्यापक रूप से प्रभावित हुई हैं।
हड़ताल के कारण एसबीआई, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, बीओआई, कैनरा और इंडियन बैंक सहित अन्य सभी सार्वजनिक क्षेत्र की बैंक शाखाएं बंद हैं। हालांकि बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद डिजिटल लेन-देन यूपीआई, इंटरनेट बैंकिंग और एटीएम सामान्य रूप से जारी हैं। जबकि सभी निजी बैंक खुले हुए हैं।
बैंक कर्मचारी लंबे समय से 5-डे वर्किंग वीक की मांग कर रहे है। फिलहाल बैंक कर्मियों को रविवार के साथ माह के सिर्फ दूसरे और अंतिम शनिवार को ही अवकाश मिलता है। जबकि बैंक यूनियन शनिवार-रविवार दो दिन की साप्ताहिक छुट्टी लागू करने की मांग कर रही है।
साल 2024 में सरकार और बैंक यूनियनों के बीच 5-डे वर्किंग को लेकर सहमति बनी थी। इसके बावजूद अब तक इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी नहीं किया गया। इसी के विरोध में आज एक बार फिर यह देशव्यापी बैंक हड़ताल की जा रही है।
पंजाब नेशनल बैंक के बाहर धरना देकर नारेबाजी कर रहे कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गई तो वे हड़ताल अनिश्चितकाल के लिए बढ़ा देंगे। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बैंकिंग कार्यों के लिए आने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। PNB खाता धारक अंजलि ने बताया कि उसने शुक्रवार शाम को एक चैक अपने एकाउंट में डाला था। पहले तीन दिन का अवकाश और अब ऊपर से हड़ताल के कारण उनका चेक क्लियर नहीं हुआ है। चेक क्लियर होने के बाद उन्हें एक जरूरी पेमेंट करनी थी, जो वे कर नहीं पा रही हैं। यदि आज वह पेमेंट नहीं कर पाई तो उसे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।



